आपदाग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर गणेश गोदियाल ने लिया राहत एवं पुनर्वास कार्यों का जायजा

Share on Social Media


चाकीसैंण,पौड़ी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अपने दो दिवसीय श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान पाबौ एवं थलीसैंण ब्लॉक के विभिन्न आपदाग्रस्त गांवों का सघन भ्रमण कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने डोबरा, डूंगरी, रिखोली सहित विभिन्न गांवों में पहुंचकर आपदा से हुए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से भी प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति एवं राहत कार्यों के संबंध में जानकारी ली।

आपदाग्रस्त क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रत्येक वर्ष बरसात के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में आपदा की भयावह तस्वीर सामने आती है। भू-धंसाव के कारण कई गांवों में आवासीय भवनों को नुकसान पहुंचने तथा लोगों के सामने उत्पन्न संकट पर उन्होंने चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों का तत्काल पुनर्वास सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है, साथ ही भविष्य में जान-माल की क्षति रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए।

उन्होंने राज्य सरकार एवं स्थानीय प्रशासन से प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।

स्थानीय लोगों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके कार्यकर्ता संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *