देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्तराखण्ड देश के अग्रणी राज्यों में रहा है। राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को नई शिक्षा नीति की मूल भावना के अनुरूप अधिक गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और रोजगारपरक बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, कौशल निर्माण, नवाचार और स्थानीय ज्ञान एवं संस्कृति को शिक्षा से जोड़ने पर विशेष बल देती है। उत्तराखण्ड में इसके प्रावधानों को धरातल पर उतारने के लिए प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक विभिन्न स्तरों पर महत्वपूर्ण पहल की गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के बच्चों और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अपनी समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और स्थानीय परिवेश से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। नई शिक्षा नीति के माध्यम से विद्यार्थियों को बदलती वैश्विक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के साथ ही आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
