छत्रधारी चालदा महासू महाराज के दर्शन कर सतपाल महाराज ने की प्रदेश की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना

Share on Social Media


विकासनगर,देहरादून। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र अंतर्गत पाशी गांव पहुंचकर न्याय के देवता छत्रधारी चालदा महासू महाराज के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड सहित पूरे देश की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

हनोल स्थित महासू देवता मंदिर में रविवार को पूजा-अर्चना के साथ दो दिवसीय पारंपरिक एवं धार्मिक जांगड़ा (देवनायणी) राजकीय मेला पर्व का शुभारंभ हुआ। इसके बाद सोमवार को मेले के दूसरे दिन सतपाल महाराज पाशी गांव पहुंचे और नव-निर्मित भव्य मंदिर में विराजमान छत्रधारी चालदा महासू महाराज के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की।

सतपाल महाराज ने कहा कि छत्रधारी चालदा महासू महाराज उत्तराखंड के जौनसार-बावर और हिमाचल प्रदेश के ट्रांस-गिरी क्षेत्र के लाखों लोगों के आराध्य एवं कुल देवता हैं। उन्हें न्याय का देवता माना जाता है और सदियों से हिमाचल, उत्तराखंड तथा उत्तर प्रदेश के श्रद्धालु उनकी पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पाशी क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं बेहतर की गई हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के परिवहन मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि विशेष बस सेवा संचालित करने का अनुरोध किया गया था, जिसे स्वीकार करते हुए हनोल के लिए भी बसों की व्यवस्था की गई है।

उल्लेखनीय है कि छत्रधारी चालदा महासू महाराज की यह ऐतिहासिक प्रवास यात्रा उत्तराखंड के दसऊ गांव से प्रारंभ हुई। टौंस नदी पार कर लगभग 70 किलोमीटर की छह दिवसीय पैदल यात्रा के बाद महाराज पाशी गांव पहुंचे। यहां करीब दो करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भव्य मंदिर में महाराज विधिवत विराजमान हुए हैं। परंपरा के अनुसार वे यहां एक वर्ष तक प्रवास करेंगे।

इस अवसर पर सतपाल महाराज ने कहा कि महासू महाराज का पाशी आगमन पूरे क्षेत्र के लिए सौभाग्य की बात है। उनकी कृपा से क्षेत्र में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऐसे पौराणिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर प्रमुखता से विकसित कर रही है, जिससे स्थानीय आस्था के संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

पाशी मंदिर पहुंचने पर मंदिर समिति एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने ढोल-दमाऊं और फूल-मालाओं के साथ पर्यटन मंत्री का स्वागत किया। सतपाल महाराज ने मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे एवं श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इस अवसर पर महासू मंदिर समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *