जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी को नम आंखों से दी अंतिम विदाई

Share on Social Media


हल्द्वानी। नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी का शनिवार को दोपहर आकस्मिक हृदयगति रुकने से निधन हो गया था। उनके असामयिक निधन से सूचना विभाग, पत्रकार जगत में शोक की लहर है।आज रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार, जनप्रतिनिधि और शुभचिंतक शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी की अंतिम यात्रा आज सुबह आठ बजे बीके पुरम, रेनबो पब्लिक स्कूल के समीप बिठोरिया नंबर-1 स्थित उनके आवास से चित्रशिला घाट के लिए रवाना हुई। अंतिम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। चित्रशिला घाट पर अंत्येष्टि के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा।

उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय जोशी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को सूचना विभाग और पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया। लोगों का कहना है कि गिरिजा शंकर जोशी सहज, सरल, मिलनसार और अपने दायित्वों के प्रति अत्यंत समर्पित अधिकारी थे। उनके व्यवहार और कार्यशैली ने उन्हें सहकर्मियों तथा पत्रकारों के बीच विशेष स्थान दिलाया।

स्वर्गीय जोशी अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

स्वर्गीय जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी की स्मृति में सोमवार, 14 सितंबर को सुबह 11 बजे मीडिया सेंटर हल्द्वानी में शोकसभा आयोजित की जाएगी। इसमें सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनपद के पत्रकार, गणमान्य नागरिक और अन्य लोग शामिल होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

अंतिम संस्कार में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, सहायक निर्वाचन अधिकारी हंसादत्त पांडे, संयुक्त निदेशक/महानिदेशक सूचना के प्रतिनिधि केएस चौहान, संपादक कमलेश भट्ट, जिला सूचना अधिकारी ऊधमसिंह नगर गोविंद बिष्ट, प्रभारी मीडिया सेंटर हल्द्वानी अहमद नदीम सहित सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *