देहरादून। जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में कुल 102 शिकायतें प्राप्त हुईं। अपर जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की जांच कर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ऋषिकेश निवासी रेखा चतरथ, नीलम नेगी और ऋतु गर्ग ने दून स्मृद्धि लिमिटेड एवं सर्व माइक्रोफाइनेंस इंडिया एसोसिएशन पर निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया। शिकायतकर्ताओं के अनुसार रेखा चतरथ से 18.95 लाख, नीलम नेगी से 14.75 लाख और ऋतु गर्ग से 4.25 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी प्रशासन को जांच के निर्देश दिए गए।
नथुवाला निवासी अखिलेश उनियाल ने इंडिया ग्लोबल सर्विसेज द्वारा नौकरी का ऑफर लेटर देने के बाद कंपनी के कहने पर 1.75 लाख रुपये जमा कराने और इसके बाद नौकरी नहीं देने की शिकायत की। मामले में क्षेत्राधिकारी पुलिस को जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, इंद्रेश नगर निवासी खेम चंद ने सचिवालय में चतुर्थ श्रेणी की नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये ठगे जाने की शिकायत की, जिस पर सीओ पटेलनगर को जांच सौंपी गई।
नवादा मिनी मसूरी जन कल्याण समिति ने क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या उठाते हुए मोबाइल टावर स्थापित करने की मांग की। इस पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। चकराता विकासखंड के ग्राम पंचायत कावाखेड़ा की उरटेडा बस्ती में जीर्ण-शीर्ण पेयजल लाइन की शिकायत पर जल निगम को त्वरित कार्रवाई कर पेयजल आपूर्ति सुचारू करने को कहा गया।
नेहरू कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय आशा कनौजिया ने बताया कि उन्होंने मातृ स्नेह के चलते अपनी संपत्ति पुत्र के नाम कर दी थी, लेकिन अब पुत्र एवं पुत्रवधू द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। मामले में अपर जिलाधिकारी ने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम के तहत वाद दायर कर बुजुर्ग महिला को शीघ्र न्याय दिलाने के निर्देश दिए। वहीं, एमडीडीए कॉलोनी निवासी बुजुर्ग महिला जैनव ने आंखों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की, जिस पर संबंधित एसडीएम को सहायता के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
सहारनपुर निवासी प्रवेश उप्रेती ने धोखाधड़ी से उनकी भूमि किसी अन्य व्यक्ति को बेचने तथा भूमि खुर्द-बुर्द किए जाने की शिकायत की। मामले में एसडीएम विकासनगर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। गीत बिष्ट ने अपनी स्वामित्व एवं कब्जे वाली संपत्ति में पड़ोसी द्वारा अतिक्रमण, साझा सीढ़ी पर ताला लगाने, रास्ता बंद करने और धमकी देने की शिकायत की, जिस पर एसडीएम को जांच कर प्रकरण का निस्तारण करने को कहा गया।
लच्छीवाला निवासी माधवी गुरंग ने जेठ द्वारा प्रॉपर्टी डीलर से मिलीभगत कर उनके घर का रास्ता बंद किए जाने की शिकायत की। मामले में एसडीएम को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। नवादा निवासी दिनेश्वरी देवी ने 3 सितंबर को हुई भारी बारिश से गौशाला की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने तथा मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को मौके की फोटो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
चुक्खूवाला निवासी गुड्डी देवी एवं रायपुर निवासी कमलेश ने बारिश से निजी मकान क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की, जिस पर संबंधित एसडीएम को मौके का निरीक्षण कर जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को महज औपचारिकता न माना जाए। प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ ही शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से भी अवगत कराया जाए।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा, नगर कर अधिकारी विजय चौहान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।