हिंदी हमारी सभ्यता, संस्कृति और भारतीयता की पहचान: मुख्यमंत्री धामी

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए हिंदी को देश की सांस्कृतिक चेतना, एकता और भारतीयता की पहचान बताया है। हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता, संस्कृति, भावनाओं, आकांक्षाओं और आदर्शों की अभिव्यक्ति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदी देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने के साथ ही विविधता में एकता की भावना को भी सशक्त करती है। भारतीय समाज को जोड़ने और सामाजिक चेतना के प्रसार में हिंदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी हिंदी ने देशवासियों को एकजुट करने और राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने में अहम योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हिंदी के संरक्षण, संवर्धन और प्रोत्साहन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। हिंदी की समृद्ध विरासत और गौरव को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि हिंदी दिवस पर दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प लें और राजभाषा हिंदी के सम्मान, संरक्षण एवं विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *