आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का सरकार के खिलाफ मोर्चा, 15 सितंबर को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन

Share on Social Media


देहरादू। सीटू से संबद्ध आंगनवाड़ी कार्यकत्री सेविका कर्मचारी यूनियन ने मानदेय वृद्धि, न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा और ग्रेच्युटी समेत विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। यूनियन 15 सितंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी।

आंदोलन की रणनीति को लेकर रविवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में यूनियन पदाधिकारियों ने सरकार पर आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की मांगों की लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाया।

सीटू के जिला महामंत्री लेखराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 3 मार्च 2024 को मानदेय बढ़ाने के संबंध में हाईपावर कमेटी गठित की थी, लेकिन इसके बावजूद आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 के बाद केंद्र सरकार और वर्ष 2021 के बाद राज्य सरकार द्वारा मानदेय में वृद्धि नहीं की गई है। उन्होंने सरकार पर आश्वासन देकर आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब कार्यकत्रियां झूठे आश्वासनों में नहीं आने वाली हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार को इसका जवाब दिया जाएगा।

यूनियन की महामंत्री चित्रकला ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ दिया जाना चाहिए। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद ग्रेच्युटी का भुगतान नहीं किए जाने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस संबंध में सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की भी अनदेखी की जा रही है। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सेविकाओं को न्यूनतम वेतन देने की मांग की।

ज्योतिका पाण्डेय ने विभागीय कार्यों के अतिरिक्त अन्य कार्य आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों से करवाए जाने का विरोध किया। उन्होंने राशन कार्डों के सत्यापन का कार्य भी आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को सौंपे जाने का विरोध करने की घोषणा की।
प्रांतीय कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत ने बताया कि 15 सितंबर को देहरादून में सीटू कार्यालय में दोपहर एक बजे कार्यकत्रियां एकत्रित होंगी और वहां से जिला मुख्यालय कूच करेंगी। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से सरकार को मांगपत्र भेजा जाएगा। यूनियन ने बताया कि 17 सितंबर से ब्लॉक स्तर पर धरना-प्रदर्शन किए जाएंगे।

वक्ताओं ने कहा कि आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए 18, 19 और 20 नवंबर 2026 को राज्य सचिवालय के समक्ष राज्य स्तरीय महापड़ाव आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त दिसंबर 2026 में दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन में भी प्रदेशभर से बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां भाग लेंगी।

पत्रकार वार्ता में यूनियन की महामंत्री चित्रकला, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत, ज्योतिका पाण्डेय, सुनीत रावत, मनीषा राणा और रजनी बर्त्वाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *