सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ देहरादून में प्रशासन की सख्ती, 532 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त

Share on Social Media


देहरादून। देहरादून को स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन का सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर नगर निगम क्षेत्र के सभी 100 वार्डों में सघन अभियान चलाते हुए प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने 50 सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की है। इनके द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अब तक 1776 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 762 प्रतिष्ठानों में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग, भंडारण अथवा वितरण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। इनमें 550 प्रतिष्ठानों के चालान किए गए और 1.96 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री की जब्ती भी की जा रही है। अब तक 532 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त कर नष्ट किया जा चुका है। प्रशासन का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ ही नागरिकों और व्यापारियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार बनाना है।

जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई के साथ-साथ आमजन को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों एवं व्यापारियों से प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग, भंडारण और बिक्री न करने तथा इसके स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की है।

प्रशासन ने कहा कि स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त देहरादून का लक्ष्य केवल सरकारी प्रयासों से हासिल नहीं किया जा सकता। इसके लिए प्रत्येक नागरिक और व्यापारी की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। सामूहिक जिम्मेदारी और निरंतर प्रयासों से ही देहरादून को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल शहर बनाया जा सकता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *