हर घर तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री धामी ने लिया हिस्सा, बोले तिरंगा देश के स्वाभिमान और एकता का प्रतीक

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गांधी पार्क, देहरादून में आयोजित ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को सदैव प्रज्वलित रखने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखण्ड आंदोलन के महानायक स्व. इन्द्रमणि बडोनी एवं भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात गांधी पार्क से घंटाघर तक सैकड़ों लोगों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र गौरव का उत्सव है और तिरंगा करोड़ों देशवासियों के स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है। मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति और स्वदेशी तकनीक के माध्यम से देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। रक्षा क्षेत्र में भी भारत की क्षमता मजबूत हुई है और सर्जिकल स्ट्राइक एवं ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से देश ने अपनी सामरिक शक्ति का परिचय दिया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। प्रदेश की मिट्टी ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं। राज्य सरकार वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी सहित आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। राज्य में 30 से अधिक क्षेत्रों के लिए विशिष्ट नीतियों के माध्यम से विकास का रोडमैप तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में राज्य की GSDP में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं तथा स्टार्टअप्स की संख्या 1750 से अधिक हो चुकी है। रिवर्स पलायन में भी 44 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में उत्तराखण्ड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

उन्होंने कहा कि राज्य में धर्मांतरण विरोधी कानून, कठोर दंगा रोधी कानून और समान नागरिक संहिता जैसे महत्वपूर्ण कानून लागू किए गए हैं। मदरसा बोर्ड को समाप्त कर उत्तराखण्ड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण बनाया गया है। बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले अवैध मदरसों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले करीब पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। युवाओं को ‘नौकरी पाने वाला’ नहीं बल्कि ‘नौकरी देने वाला’ बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे एवं पर्यटन नीति सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ,नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, विधायक  खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *