अगस्त क्रांति दिवस पर कांग्रेस सेवादल ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

Share on Social Media

देहरादून। अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर प्रदेश सेवादल अध्यक्ष  हेमा पुरोहित के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

तिरंगा यात्रा से पूर्व प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में ध्वज वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश सेवादल अध्यक्ष  हेमा पुरोहित ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके पश्चात कांग्रेसजनों ने राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों एवं शहीदों को नमन किया।

तिरंगा यात्रा में कार्यकर्ताओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देश की एकता, अखंडता, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘अगस्त क्रांति अमर रहे’ जैसे नारों से वातावरण देशभक्तिमय हो गया। कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर प्रदेश सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने कहा कि अगस्त क्रांति दिवस भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक अध्याय है। 9 अगस्त 1942 को महात्मा गांधी के नेतृत्व में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो’ का नारा बुलंद हुआ और देशवासियों ने ‘करो या मरो’ के संकल्प के साथ स्वतंत्रता आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

उन्होंने कहा कि अंग्रेजी हुकूमत ने आंदोलन को दबाने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों पर लाठियां बरसाईं, गोलियां चलाईं और हजारों देशभक्तों को जेलों में डाल दिया। अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया, लेकिन आजादी के दीवानों के हौसले नहीं टूटे। उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान के परिणामस्वरूप देश ने अंततः स्वतंत्रता प्राप्त की।

पुरोहित ने कहा कि आज हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष से प्रेरणा लेते हुए देश की एकता, संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक सद्भाव की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। कांग्रेस सेवादल सदैव राष्ट्रहित, जनसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित रहा है तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, समानता और अधिकार पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

कार्यक्रम में गोपाल सिंह गड़िया, पंकज क्षेत्री, जिलाध्यक्ष सुनील प्रधान, महानगर अध्यक्ष सावित्री थापा, शार्दुल नेगी, करतार नेगी, संजीव भट्ट, रेणु चुनारा, योगिता बिष्ट, मुक्ता सहगल, मंजू चौहान, ऋषिराम पैन्यूली, मालती, बिट्टू चौहान सहित कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *