जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने लिया स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा,अधिकारियों को नियमित सफाई एवं प्रभावी कूड़ा निस्तारण के दिए निर्देश

Share on Social Media

देहरादून। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को नगर निगम क्षेत्रांतर्गत लक्ष्मण चौक एवं कांवली रोड क्षेत्र में विशेष स्वच्छता एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अभियान में प्रतिभाग करते हुए स्वयं स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला प्रशासन, नगर निगम, वेस्ट वॉरियर्स संस्था सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के अधिकारी-कर्मचारियों,स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता की। अभियान में 100 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग करते हुए चिन्हित क्षेत्रों में सफाई की तथा स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान चिन्हित स्थलों पर नियमित एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही कूड़ा उठान और उसके वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि केवल अभियान के दौरान सफाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सफाई के बाद भी संबंधित क्षेत्रों की नियमित निगरानी करते हुए निरंतर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना आवश्यक है।

उन्होंने निर्देश दिए कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से स्वच्छता अभियान संचालित किए जाएं तथा स्थानीय नागरिकों को भी इन अभियानों से जोड़कर स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के मध्य प्रभावी समन्वय के साथ कार्य किया जाना आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण में प्रशासनिक प्रयासों के साथ आमजन की सक्रिय सहभागिता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से अपने घर, प्रतिष्ठान एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी एवं प्रभावी बनाया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने तथा इसके दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित विभागों एवं संस्थाओं को समन्वय के साथ निरंतर जनजागरूकता अभियान संचालित करने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीमा डुंगराकोटी ने भी स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग करते हुए आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा एवं नैतिक दायित्व बनाकर ही घर, मोहल्ले, शहर और राज्य को स्वच्छ रखा जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की।

अभियान के दौरान विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करते हुए सफाई कार्य किया गया तथा चिन्हित स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम, तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव, वेस्ट वॉरियर्स संस्था से नवीन सडाना सहित जिला प्रशासन, नगर निगम, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं विभिन्न संस्थाओं के अधिकारी-कर्मचारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *