राजस्व वसूली में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, लक्ष्य से पीछे विभाग तत्काल बनाएं कार्ययोजना: डीएम डॉ. आशीष चौहान

Share on Social Media


देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जिला स्तरीय राजस्व संवर्धन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभागीय अधिकारियों को सरकारी राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व प्राप्ति में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। जो विभाग निर्धारित लक्ष्यों से पीछे चल रहे हैं, वे तत्काल प्रभाव से व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार कर वसूली अभियान में तेजी लाएं।

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि लक्ष्य प्राप्ति में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि अब प्रत्येक माह विभागवार राजस्व प्रगति की गहन समीक्षा की जाएगी।

बैठक के दौरान जल संस्थान, परिवहन, सिंचाई, वन विभाग तथा निबंधन (रजिस्ट्री) विभाग की राजस्व प्राप्ति की समीक्षा की गई। निर्धारित लक्ष्य की तुलना में कम प्रगति वाले विभागों को कारणों का विश्लेषण कर ठोस रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए गए।

सिंचाई विभाग ने बताया कि 100 लाख रुपये के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष जून माह तक 20.04 लाख रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई है। उप निबंधक कार्यालयों को आवंटित 1450 करोड़ रुपये के वार्षिक लक्ष्य के मुकाबले जून तक 380 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जिसमें स्टाम्प शुल्क एवं निबंधन शुल्क से 129 करोड़ रुपये की आय शामिल है।

जिला खनन अधिकारी ने जानकारी दी कि जून 2026 के लिए निर्धारित 8 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 8.06 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया गया। अवैध खनन के चार तथा अवैध परिवहन के पांच मामलों में 13.60 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया, जिसमें से 12.67 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है।

आबकारी विभाग ने 667.60 करोड़ रुपये के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष जून तक 128 करोड़ रुपये तथा राज्य कर विभाग ने 4563.74 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 1142.36 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है।

परिवहन विभाग ने अवगत कराया कि विभाग के लिए इस वर्ष कोई वार्षिक लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया है। इसके बावजूद जून 2026 तक 5906.50 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 1.67 प्रतिशत अधिक है।

नगर निगम देहरादून ने 75 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 24.37 करोड़ रुपये तथा नगर निगम ऋषिकेश ने 1247.20 लाख रुपये के लक्ष्य के मुकाबले जून तक 170.56 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया। वन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 63.63 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 17.22 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्ति की जानकारी दी। बैठक में अन्य नगर निकायों एवं राजस्व अर्जित करने वाले विभागों की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग ओ.पी. सिंह, अधीक्षण अभियंता राजीव सैनी, अधिशासी अभियंता सिंचाई दीक्षांत गुप्ता, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार निर्वाल, जिला खनन अधिकारी ऐश्वर्य शाह, नगर आयुक्त ऋषिकेश विजय नाथ शुक्ल, यूटीसी के सुरेश सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *