देहरादून 09 फरवरी 2026 (सू.वि.)।जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में भूमि विवाद, सीमांकन, अवैध कब्जा, आपसी विवाद, आर्थिक सहायता, रोजगार, शिक्षा, एडीए, नगर निगम सहित कुल 195 जनशिकायतें एवं समस्याएँ प्रस्तुत की गईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।


जनसुनवाई के दौरान समाज के कमजोर, बुजुर्ग एवं पीड़ित वर्ग की समस्याएँ प्रमुखता से सामने आईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को संवेदनशीलता के साथ सुना और स्पष्ट किया कि महिलाओं, बुजुर्गों तथा कमजोर वर्ग के सम्मान व सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
अम्बीवाला निवासी नेशनल पैरा ओलंपिक खिलाड़ी विजय चौधरी ने बताया कि उनकी माता कलावती के नाम दर्ज भूमि पर न्यायालय में विवाद लंबित होने के बावजूद पड़ोसी महिला द्वारा पेड़ काटे जा रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम को न्यायालय के अग्रिम आदेशों तक यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए।
भूतपूर्व सैनिक राजेश कुमार ने 2016 में खरीदी गई भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। मौके पर ही एसडीएम एवं तहसीलदार से रिपोर्ट तलब की गई, जिसमें शिकायत सही पाई गई। जिलाधिकारी ने एसडीएम विकासनगर को भूमि पर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए।डोईवाला निवासी मीना क्षेत्री ने पुत्र व पुत्रवधू से जान-माल का खतरा बताते हुए शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने मामला जिला कार्यालय में स्थानांतरित कर फास्ट ट्रैक सुनवाई के आदेश दिए।
जौलीग्रांट निवासी बुजुर्ग विधवा लक्ष्मी तोमर ने अपने दिवंगत पति के चिकित्सा प्रतिपूर्ति ₹1.37 लाख के भुगतान न होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने शिक्षा अधिकारी से तत्काल स्पष्ट आख्या तलब की।
एटनबाग के काश्तकारों ने सिंचाई नहर पर अवैध निर्माण से उत्पन्न समस्या से अवगत कराया, जिस पर अधिशासी अभियंता को दो दिन में जांच कर समाधान के निर्देश दिए गए। डालनवाला क्षेत्र में फर्जी जमीन दिखाकर ₹8 लाख की ठगी के मामले में क्षेत्राधिकारी पुलिस को त्वरित व कठोर कार्रवाई के आदेश दिए गए।
ऋषिकेश निवासी बुजुर्ग छज्जू राम ने पुत्रवधू द्वारा मारपीट व उत्पीड़न की शिकायत की, जबकि हरिपुर कलां निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग ने निजी भूमि व सरकारी सड़क पर अवैध कब्जे का मामला रखा। दोनों ही मामलों में संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कारगी चौक, कुंज विहार निवासी ममता नौटियाल की गली में सीवर लाइन न बिछाए जाने की शिकायत पर तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए। वहीं डोईवाला निवासी दीपा की निःशुल्क कानूनी सहायता की मांग पर मामला विधिक सेवा प्राधिकरण को प्रेषित किया गया।
जनता दरबार में अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, एसडीएम अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, विनोद कुमार, उप नगर आयुक्त संतोष कुमार पांडेय, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
