उत्तराखंड की 09 परियोजनाओं का लोकार्पण करने पर मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री का जताया आभार

उत्तराखंड की 09 परियोजनाओं का लोकार्पण करने पर मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री जी का आभार व्यक्त किया
Share on Social Media

उत्तराखंड। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को सीमा सड़क संगठन द्वारा निर्मित 75 प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का लोकार्पण कर राष्ट्र को समर्पित किया। इसमें 09 परियोजनाएं उत्तराखंड की शामिल हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वर्चुअल रूप से उपस्थित थे।

उत्तराखंड में जिन 09 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया उनमें गढ़वाल क्षेत्र में करछा पुल, मींग गधेरा पुल, घस्तोली पुल, पागल नाला पुल और देहरादून जनपद में शिवालिक परियोजना का कार्यालय और रहने का स्थान शामिल हैं। कुमाऊं क्षेत्र में सुरिंगघाट पुल, चिमला पुल, पैनागढ़ पुल और गोसीगढ़ पुल का लोकार्पण किया गया।

उत्तराखंड की 09 परियोजनाओं का लोकार्पण करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में पूरी हुई बुनियादी ढांचे की ये परियोजनाएं विशेष रूप से दूरदराज और वंचित क्षेत्रों के उत्थान के लिए काफी सहायक होंगी। इन परियोजनाओं से कनेक्टिविटी बढ़ेगी तथा सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ – साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थ-व्यवस्था मजबूत होगी,रोजगार सृजन का भी अवसर मिलेगा।

धामी ने कहा कि नए पुलों के निर्माण से राज्य में कनेक्टिविटी में काफी सुधार होगा। यात्रा के समय को कम कर सकेंगे। इससे धार्मिक एवं सामान्य पर्यटन के साथ ही सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा और उत्तराखंड को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित किया जा सकेगा। ये परियोजनाएं बुनियादी ढांचा एवं क्षेत्र के लिए दीर्घकालिक सतत विकास और समृद्धि को बढ़ाने में मुख्य भूमिका निभाएंगी।

इस अवसर पर सचिव आर.मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली, शिवालिक परियोजना के मुख्य अभियंता ब्रिगेडियर प्रसन्न जोशी और कर्नल प्रदीप शर्मा उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *