देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सर्राफ मंडल, देहरादून द्वारा आयोजित आभूषण प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित विभिन्न प्रकार के आभूषणों, पारंपरिक डिजाइनों तथा स्वर्णकारों की कला एवं हुनर की सराहना करते हुए आयोजकों और स्वर्णकार समाज को आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय कला, संस्कृति, परंपरा और स्थानीय हुनर को नई पहचान देने के साथ ही कारीगरों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं। स्वर्णकार समाज केवल आभूषणों का निर्माण नहीं करता, बल्कि देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित एवं हस्तांतरित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हमारे विवाह, त्योहार और धार्मिक अनुष्ठानों में आभूषण सदियों से परंपरा, भावनाओं और सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक रहे हैं।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘मेक इन इंडिया’, ‘मेड इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी पहलों से स्थानीय उत्पादों, कारीगरों और स्वदेशी हुनर को नए अवसर मिल रहे हैं। ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य के अनुरूप भारत को वैश्विक ज्वैलरी मैन्युफैक्चरिंग एवं डिजाइनिंग का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार पारंपरिक कौशल, हस्तशिल्प और स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने के साथ कौशल विकास एवं आर्थिक सहायता के माध्यम से उन्हें सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तराखण्ड की समृद्ध आभूषण परंपरा,गढ़वाली नथ, पौंजी, चंपाकली हार, कुमाऊंनी गुलोबंद और झुमका आदि को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पारंपरिक डिजाइनों को आधुनिक आवश्यकताओं और बदलते समय के अनुरूप विकसित कर ‘लोकल टू ग्लोबल’ की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। इससे स्थानीय स्वर्णकारों एवं कारीगरों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपराओं से और अधिक जुड़ सकेगी।
उन्होंने कहा कि पारंपरिक आभूषणों के संरक्षण के साथ स्वर्णकार समाज के कौशल विकास के लिए राज्य सरकार आवश्यक योजनाएं तैयार कर प्रभावी कदम उठाएगी। राज्य सरकार उत्तराखण्ड को देश का ‘सर्वश्रेष्ठ राज्य’ बनाने के ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ कार्य कर रही है। इस संकल्प को साकार करने में स्वर्णकार समाज की सक्रिय सहभागिता महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर सर्राफ मंडल देहरादून के पदाधिकारी एवं सदस्य, स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधि, आभूषण व्यवसायी, कारीगर तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
