दीपावली पर अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 41 स्थानों पर पानी के टैंकर और 23 संवेदनशील स्थलों पर तैनात रहेंगे फायर टेंडर

Share on Social Media


देहरादून। दीपावली पर्व के दौरान आगजनी की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम और आपात स्थितियों से त्वरित निपटने के लिए जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है।  अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग ने जल संस्थान के समन्वय से जिले के 41 स्थानों पर पानी के टैंकरों की व्यवस्था की है। वहीं, शहर के 23 प्रमुख एवं संवेदनशील स्थलों पर फायर टेंडर तैनात किए जाएंगे, ताकि आग लगने की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी ने बताया कि जनपद में स्थापित फायर हाइड्रेंट की नियमित जांच और निगरानी की जा रही है। वर्तमान में 90 प्रतिशत से अधिक हाइड्रेंट क्रियाशील हैं तथा शेष को भी शीघ्र दुरुस्त कराया जा रहा है। दीपावली के मद्देनजर बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाते हुए प्रत्येक तहसील के अंतर्गत आने वाले फायर स्टेशनों के अग्निशमन वाहनों द्वारा दिन में तीन बार गश्त की जा रही है।

उन्होंने व्यापारियों एवं आमजन से विद्युत उपकरणों का सुरक्षित उपयोग करने, निर्धारित क्षमता से अधिक बिजली का लोड नहीं लेने तथा दुकानों और प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की। साथ ही बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त रास्ता खुला रखने का आग्रह किया।

अग्निशमन विभाग के अनुसार दीपावली के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभागीय टीमें पूरी मुस्तैदी से तैनात रहेंगी। विभाग ने आमजन से सतर्कता और सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक जागरूकता एवं समय पर बरती गई सावधानी से आगजनी की घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *