रक्षा बंधन महोत्सव में गणेश गोदियाल को मिला मातृशक्ति का अपार स्नेह, रोजगार और पलायन पर दिया संकल्प का संदेश

Share on Social Media


पाबौ,पौड़ी। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के पावौ ब्लॉक के कोटा,भटुंडा ,छानी,चोपड़ियों सहित अनेक गांवों में आयोजित रक्षा बंधन महोत्सव में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने क्षेत्रीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ प्रतिभाग किया। इस दौरान माता-बहनों ने उन्हें रक्षा सूत्र बांधकर स्नेह और आशीर्वाद दिया। गोदियाल ने मातृशक्ति के इस आत्मीय सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्नेह उन्हें क्षेत्र और प्रदेश के हित में और अधिक मजबूती से कार्य करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि पहाड़ का दर्द पलायन और बेरोजगारी से जुड़ा हुआ है। उनका प्रयास रहेगा कि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हों तथा पलायन से प्रभावित प्रत्येक घर तक रोजगार की किरण पहुंचे। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति उन्हें ऐसी ऊर्जा और आशीर्वाद प्रदान करे, जिससे वे हर उस परिवार के लिए रोजगार का अवसर जुटाने के संकल्प को पूरा कर सकें, जो बेरोजगारी और पलायन की समस्या से जूझ रहा है।

गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति और युवा प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं। इनके सम्मान, अधिकार और बेहतर भविष्य के लिए कांग्रेस निरंतर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों का आयोजन में मिले अपार स्नेह और अपनत्व के लिए आभार जताया।

इस अवसर पर पावौ मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य कर्मवीर भंडारी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मनवर सिंह रावत, हुक्म सिंह कठैत, अर्जुन सिंह भंडारी, मनोज रावत सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *