विश्व प्लम्बर दिवस पर देहरादून में “प्लम्बर सम्मान समारोह” आयोजित, 33 कर्मियों को किया गया सम्मानित

Share on Social Media


देहरादून। विकास भवन सभागार, सर्वे चौक देहरादून में जल महोत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत विश्व प्लम्बर दिवस के शुभ अवसर पर जिला स्तर पर “प्लम्बर सम्मान समारोह” का आयोजन जिला जल एवं स्वच्छता मिशन, देहरादून के तत्वाधान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी, उपाध्यक्ष, जिला जल एवं स्वच्छता मिशन अभिनव शाह द्वारा किया गया।

सम्मान समारोह के दौरान उत्तराखण्ड पेयजल निगम एवं उत्तराखण्ड जल संस्थान में पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव में सक्रिय योगदान एवं अनुकरणीय कार्य करने वाले 33 प्लम्बर्स, पम्प ऑपरेटरर्स एवं फीटर्स को विश्व प्लम्बर दिवस के अवसर पर टूल किट भेंट कर सम्मानित किया गया।अपने संबोधन में मुख्य विकास अधिकारी ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अंतर्गत कार्यरत प्रथम पंक्ति के कर्मियों—जैसे प्लम्बर्स, पम्प ऑपरेटरर्स और फीटर्स—की महत्वपूर्ण भूमिका और जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि इन कर्मियों द्वारा पेयजल योजनाओं का कुशल संचालन और रख-रखाव किए जाने के कारण लोगों को घरों में नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है। इससे जल जनित बीमारियों में कमी आई है तथा शिशु मृत्यु दर में भी गिरावट दर्ज की गई है।
यह प्लम्बर सम्मान समारोह केवल जनपद स्तर पर ही नहीं, बल्कि जनपद के सभी 06 विकासखण्डों में भी आयोजित किया गया।

विश्व प्लम्बर दिवस के अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को अपने परिवार, मित्रों, पड़ोसियों, समाज तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण, जल संवर्द्धन और पेयजल स्रोतों के संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।

इस अवसर पर सुनील कुमार जिला विकास अधिकारी, कंचन रावत, अधिशासी अभियन्ता, उत्तराखण्ड पेयजल निगम मिशन, देहरादून सहित जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के कार्मिकों तथा उत्तराखण्ड पेयजल निगम एवं उत्तराखण्ड जल संस्थान की विभिन्न शाखाओं में कार्यरत प्लम्बर्स, पम्प ऑपरेटरर्स और फीटर्स उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *