प्रधानमंत्री के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण

Share on Social Media


देहरादून, 04 अप्रैल(सूचना विभाग)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून भ्रमण एवं दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आशारोड़ी से गढ़ीकैंट स्थित महेन्द्र ग्राउंड तक सड़क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल एवं मार्ग व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएचएआई एवं लोक निर्माण विभाग को सड़क मार्ग पर सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षतिग्रस्त डिवाइडरों की मरम्मत, पैचवर्क, दीवारों के रंग-रोगन, चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण तथा सड़क किनारे फैले मलवे की साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे मार्ग पर चाक-चौबंद इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आवागमन सुचारु बना रहे।

इसके बाद जिलाधिकारी ने महेन्द्र ग्राउंड स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर पंडाल, आमजन बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, सूक्ष्म जलपान एवं मोबाइल शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाओं को समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने पर जोर देते हुए स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *