देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने देहरादून स्थित कचहरी परिसर के शहीद स्थल पहुंचकर राज्य निर्माण आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, राज्य आंदोलनकारियों तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीदों को नमन करते हुए उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद किया।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण राज्य आंदोलन के उन वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है, जिन्होंने पृथक राज्य की मांग को लेकर अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारियों की अमूल्य धरोहर है और प्रदेश की जनता उनके त्याग एवं संघर्ष को सदैव नमन करती रहेगी। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण आंदोलन में मातृशक्ति, छात्रशक्ति और युवाशक्ति की भूमिका ऐतिहासिक रही है। मसूरी, खटीमा और मुजफ्फरनगर गोलीकांड के शहीदों के बलिदान ने आंदोलन को निर्णायक दिशा दी। राज्य के विभिन्न वर्गों के साथ-साथ देशभर में रह रहे उत्तराखण्ड के प्रवासियों ने भी आंदोलन को मजबूती देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
गोदियाल ने कहा कि राज्य गठन के बाद प्रथम निर्वाचित कांग्रेस सरकार ने तत्कालीन मुख्यमंत्री पंडित नारायण दत्त तिवारी के नेतृत्व में नवगठित राज्य के विकास की मजबूत आधारशिला रखी। उस समय लगभग 900 करोड़ रुपये की वार्षिक योजना का आकार बढ़ाकर 5000 करोड़ रुपये तक पहुंचाया गया। राज्य में औद्योगिक क्षेत्रों का विकास कर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए गए। टिहरी बांध, मनेरी भाली और धौलीगंगा जैसी जलविद्युत परियोजनाओं के कार्यों को आगे बढ़ाकर उत्तराखण्ड को विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए गए। शिक्षा व्यवस्था में सुधार करते हुए एलटी पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ की गई। हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, काशीपुर और देहरादून में औद्योगिक क्षेत्रों के विकास से रोजगार के नए अवसर पैदा किए गए। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के बेरोजगार युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में प्रदेशवासियों को आत्ममंथन करना होगा कि इन 27 वर्षों में उत्तराखण्ड ने क्या खोया और क्या पाया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राज्य गठन के 27 वर्षों में उत्तराखण्ड ने अनेक उतार-चढ़ाव देखे हैं, लेकिन आज भी प्रदेश के सामने कई गंभीर चुनौतियां हैं। विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं का भविष्य, रोजगार और पलायन जैसे मुद्दों पर अभी बहुत काम किया जाना बाकी है। हमारा उद्देश्य ऐसा उत्तराखण्ड बनाना होना चाहिए, जहां महिलाओं के सिर से जिम्मेदारियों का बोझ कम हो, युवाओं को अपने ही प्रदेश में रोजगार मिले और आमजन के चेहरों पर खुशहाली और मुस्कान हो।
स्थायी राजधानी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के साथ ही झारखंड और छत्तीसगढ़ राज्यों का भी गठन हुआ था, लेकिन इन दोनों राज्यों को अपनी स्थायी राजधानी मिल गई, जबकि उत्तराखण्ड आज भी इस सवाल का समाधान नहीं कर पाया है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने राज्य आंदोलन की मूल भावना और शहीदों के सपनों को साकार करने के उद्देश्य से गैरसैंण में विधानसभा भवन का निर्माण कराया तथा नवंबर 2015 में वहां विधानसभा सत्र आयोजित किया। इसके साथ ही वर्ष 2017 का बजट सत्र भी गैरसैंण में आयोजित किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद भाजपा सरकार ने स्थायी राजधानी के सवाल पर केवल भ्रम की स्थिति बनाए रखी और राज्य की जनभावनाओं के अनुरूप निर्णय नहीं लिया।
गोदियाल ने राज्य स्थापना दिवस की तिथि को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने तीन दिन पूर्व यानी 6 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस मनाने की नई परंपरा शुरू की है, जिससे राज्य निर्माण आंदोलन से जुड़े आंदोलनकारियों और शहीदों के संघर्ष का सम्मान करने वाले लोगों को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस की गरिमा और ऐतिहासिक तिथि का सम्मान किया जाना चाहिए तथा भविष्य में ऐसी परंपरा नहीं दोहराई जानी चाहिए।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी प्रतिभाग किया तथा राज्य आंदोलनकारियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजेन्द्र शाह, अश्विनी बहुगुणा, राज्य आंदोलनकारी मोहन सिंह खत्री, वीरेंद्र पोखरियाल, जगमोहन सिंह नेगी, प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी, संजय कनौजिया, संग्राम सिंह पुंडीर, संजय शर्मा, डॉ. प्रदीप जोशी, रितेश क्षेत्री, पुष्पलता सिलमाणा, द्वारिका बिष्ट, अम्बुज शर्मा, डॉ. अतुल शर्मा, रामेश्वरी परमार, प्रमिला रावत सहित अनेक राज्य आंदोलनकारी एवं कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
