देहरादून। आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर जनपद देहरादून में शनिवार को 33 विभिन्न स्थानों पर व्यापक जागरूकता अभियान, सुरक्षा ऑडिट एवं मॉक अभ्यास आयोजित किए गए। इन अभ्यासों के माध्यम से प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से निपटने के लिए विभिन्न विभागों की तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और आपसी समन्वय का परीक्षण किया गया। अभ्यास का उद्देश्य आपदा की स्थिति में जनहानि एवं नुकसान को न्यूनतम करने के साथ राहत और बचाव कार्यों को प्रभावी बनाना रहा।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिनों तक चले चुनौतीपूर्ण अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था। इस ऐतिहासिक बचाव अभियान की स्मृति में प्रतिवर्ष 28 नवंबर को प्रदेशभर में आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाता है।

जनपद में कोरोनेशन अस्पताल, सीएनजी स्टेशन ट्रांसपोर्ट नगर, आशारोड़ी-मोहब्बेवाला, खनकाड़ी गांव कालसी, वन विभाग डिवीजन थानों, क्रॉसरोड मॉल, जीआईसी सेलाकुई, रोपवे गनहिल, भारत भूमि टूरिज्म कॉम्प्लेक्स, वन विभाग रेंज मसूरी, दून अस्पताल, एसडीएच प्रेमनगर एवं ऋषिकेश, एमडीडीए कॉलोनी आईएसबीटी, जीआईसी लाखामंडल, संभावाला एवं नालापानी, जीआईसी माजरी ग्रांट, वन विभाग रेंज लक्ष्मीवाला, कालसी एवं चकराता, सिविल डिफेंस डील रायपुर, कॉपरी सेंटर एवं बन्नू स्कूल, यूपीसीएल आराघर एवं लालतप्पड़, जल संस्थान खुड़बुड़ा मोहल्ला, डाकपत्थर पावर हाउस, छिबरो पावर हाउस तथा वीरभद्र बैराज ऋषिकेश सहित कुल 33 स्थानों पर अभ्यास किए गए।

इन मॉक अभ्यासों में खराब मौसम, भगदड़, बादल फटना, अचानक बाढ़, भीड़ नियंत्रण, सुरंग दुर्घटना, तीर्थयात्रियों के फंसने, चिकित्सा आपातकाल, आग लगने, भूस्खलन, भूकंप और रोपवे में पर्यटकों के फंसने जैसी विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप अभ्यास किया गया। जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम से सभी स्थलों की गतिविधियों की लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से निगरानी की गई, जिससे विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
वनाग्नि की घटनाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए चकराता वन प्रभाग की रिवर रेंज के अंतर्गत तिलवाड़ी बीट तथा भूमि संरक्षण वन प्रभाग कालसी की लांघा रेंज के तौली बीट में भी विशेष मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अभ्यास के दौरान जंगल में आग लगने की सूचना पर वन विभाग की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया गया। आग के तेजी से फैलने की स्थिति में अतिरिक्त टीमों की तैनाती की गई। इस दौरान एक वनकर्मी के घायल होने की स्थिति बनाकर मेडिकल टीम को भी मौके पर भेजने का अभ्यास किया गया। वन विभाग और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीमों ने आग पर नियंत्रण पाने की कार्रवाई का अभ्यास किया।
आशारोड़ी चेकपोस्ट के निकट सड़क दुर्घटना पर आधारित मॉक ड्रिल में आठ घायलों का रेस्क्यू किया गया। इनमें दो गंभीर घायलों को उपचार के लिए श्री महंत इंद्रेश अस्पताल भेजा गया, जबकि छह अन्य घायलों को मेडिकल एड पोस्ट पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। दुर्घटनास्थल पर डीजल रिसाव से आग लगने की संभावित आशंका को नियंत्रित करने, क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल करने की कार्रवाई भी की गई।
मॉक अभ्यास संपन्न होने के बाद सभी रेस्क्यू टीमों की डी-ब्रीफिंग की गई। इसमें राहत एवं बचाव कार्यों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए सामने आई कमियों और सुधार की संभावनाओं पर चर्चा की गई। संबंधित टीमों को आपदा की वास्तविक परिस्थितियों में त्वरित, प्रभावी एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
