विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस, स्क्रीनिंग कमेटी ने वरिष्ठ नेताओं के साथ किया मंथन

Share on Social Media


देहरादून। आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष दीपा दासमुंशी तथा समिति के सदस्य अनिल चौधरी और पाल भाई आंबलिया शनिवार को देहरादून पहुंचे। उनके आगमन पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की स्थिति, आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य करन माहरा तथा उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी उपस्थित रहे।

इसके उपरांत स्क्रीनिंग कमेटी ने प्रदेश कांग्रेस राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) के सदस्यों के साथ बैठक कर प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों के राजनीतिक समीकरणों की समीक्षा की। बैठक में संभावित प्रत्याशियों की दावेदारी, उनकी संगठनात्मक सक्रियता, क्षेत्र में जनाधार, चुनावी संभावनाओं तथा स्थानीय कार्यकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक के आधार पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। साथ ही विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया, उसके मापदंडों और रणनीति पर भी चर्चा हुई।

पीएसी की बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक ममता राकेश, विक्रम सिंह नेगी एवं रवि बहादुर, पूर्व मंत्री नवप्रभात, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, महेंद्र पाल सिंह, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित तथा एनएसयूआई अध्यक्ष विकास नेगी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *