देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेशभर में संचालित ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ के तीसरे दिन आज विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने भागीदारी की। कांग्रेस ने यात्रा में उमड़े जनसमर्थन को भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के प्रति जनता के आक्रोश का प्रतीक बताते हुए दावा किया कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक विक्रम सिंह नेगी एवं लखपत बुटोला के नेतृत्व में थराली विधानसभा क्षेत्र के नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के कर्णप्रयाग एवं गौचर तथा रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में न्याय यात्रा का आयोजन किया गया।
वहीं, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी एवं विधायक तिलक राज बेहड़ के नेतृत्व में हल्द्वानी, लालकुआं, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता, खटीमा एवं रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकाली गई।
इसी क्रम में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला के नेतृत्व में सहसपुर और विकासनगर विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा का आयोजन किया गया।
यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि न्याय यात्रा में उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत है कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की जनविरोधी, महिला विरोधी एवं युवा विरोधी नीतियों, बदहाल कानून व्यवस्था और लचर स्वास्थ्य सेवाओं से परेशान है। जनता महंगाई, बेरोजगारी और मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार जनभावनाओं के अनुरूप समाधान करने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के शासन में आमजन की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं और जनता अब इस सरकार से छुटकारा चाहती है।
कांग्रेस नेताओं ने पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से 27 अक्टूबर को गैरसैंण में आयोजित होने वाले विधानसभा घेराव कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के अधिकारों, युवाओं के भविष्य, महिलाओं की सुरक्षा और जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस अपना संघर्ष और तेज करेगी।
