देहरादून में दिव्यांग रोजगार मेले का आयोजन, 16 अभ्यर्थियों का वर्क फ्रॉम होम के लिए चयन

Share on Social Media


देहरादून।दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से देहरादून में एक दिवसीय दिव्यांग रोजगार मेले का आयोजन किया गया। सेवा योजन कार्यालय परिसर में दिव्यांगजनों के लिए राष्ट्रीय करियर सेवा केंद्र, देहरादून ने अमेरिका इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से इस मेले का आयोजन किया। इसमें प्रदेशभर से आए 40 से अधिक दिव्यांग अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग कर विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए साक्षात्कार दिए। मेले के दौरान 23 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों ने शॉर्टलिस्ट किया, जबकि 16 अभ्यर्थियों का वर्क फ्रॉम होम रोजगार के लिए चयन किया गया।

दिव्यांगजनों के लिए राष्ट्रीय करियर सेवा केंद्र, देहरादून के उपनिदेशक डॉ. जैनेद्र कुमार ने बताया कि रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षिक योग्यता, कौशल और कार्यक्षमता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। मेले में शामिल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लेकर उनकी दक्षता का आकलन किया तथा उपयुक्त पदों के लिए चयन प्रक्रिया संपन्न की। उन्होंने कहा कि वर्क फ्रॉम होम के लिए चयनित अभ्यर्थियों को घर से ही काम करने का अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें रोजगार के साथ आत्मनिर्भर बनने में भी सहायता मिलेगी।

रोजगार मेले में चलने-फिरने संबंधी दिव्यांगता, श्रवण बाधित, कम दृष्टि तथा बौद्धिक दिव्यांगता वाले अभ्यर्थियों को विशेष प्राथमिकता दी गई। मेले में एडुस्किल सॉल्यूशन, निवा बूपा इंश्योरेंस लिमिटेड सहित बीपीओ क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अलग-अलग पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता एवं कार्यकुशलता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की।

इस अवसर पर दिव्यांगजनों के लिए राष्ट्रीय करियर सेवा केंद्र, देहरादून के पुनर्वास अधिकारी संतोष कुमार सिंह, अमेरिका इंडिया फाउंडेशन के सोहनलाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *