देहरादून में कांग्रेस का विशाल सम्मेलन, कार्यकर्ताओं में जोश 2027 चुनाव के लिए घर-घर संपर्क का आह्वान

Share on Social Media


देहरादून। जिला कांग्रेस कमेटी एवं महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा सुभाष रोड स्थित गुरुनानक वेडिंग प्वाइंट में आयोजित  सम्मेलन में जिले भर से बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं के उत्साह और जोश ने कार्यक्रम को सफल बना दिया। कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ नेताओं का जोरदार स्वागत किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं से घर-घर और गली-गली जाकर कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार से हर वर्ग मजदूर, सैनिक, महिला, कर्मचारी और युवा हताश और निराश है तथा अब प्रदेश की जनता की उम्मीदें कांग्रेस से जुड़ी हैं।

उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और अपराध को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि पेपर लीक घोटाला और अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसी घटनाएं जनता के मन में गहरा आक्रोश पैदा कर चुकी हैं। साथ ही खनन भ्रष्टाचार की गूंज संसद तक पहुंचना सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे में प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और अग्निवीर योजना से ध्यान भटकाने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर इन मुद्दों पर जवाब मांगें और भाजपा सरकार की वास्तविकता को उजागर करें।

गोदियाल ने कहा कि पहाड़ से मैदान तक भाजपा से जनता का मोहभंग हो रहा है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठित होकर जनसंपर्क अभियान तेज करना होगा। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं के त्याग और बलिदान की सराहना करते हुए आश्वस्त किया कि भविष्य में उनके सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत, भुवन कापड़ी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन महरा, महिला कांग्रेस अध्यक्षा ज्योति रौतेला सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री नव प्रभात, हीरा सिंह बिष्ट, सूरवीर सिंह सजवाण, सूर्यकांत धस्माना, प्रभु लाल बहुगुणा, धीरेन्द्र प्रताप, रघुवीर सिंह बिष्ट, संजय किशोर, मोहित उनियाल, मदन लाल, हेमा पुरोहित, कर्नल राम रतन सिंह सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जसबिंदर सिंह गोगी ने किया।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *