गंगोत्री एन्क्लेव वासियों ने जिलाधिकारी सविन बंसल को दिया ‘रियल हीरो’ का सम्मान

Share on Social Media

महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में किया स्वागत, ईगास पर्व पर झलका सौहार्द और लोक संस्कृति का रंग

देहरादून,(सूचना विभाग)। गंगोत्री एन्क्लेव रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी की महिलाओं ने जिलाधिकारी सविन बंसल को उनकी उदारता और जनसेवा की भावना के लिए ‘रियल हीरो’ की उपाधि देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर महिलाओं ने फूलमाला, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर जिलाधिकारी का स्वागत किया।

गंगोत्री एन्क्लेव की महिलाओं ने पारंपरिक परिधान और लोक शैली में ईगास बग्वाल पर्व के अवसर पर जिलाधिकारी को सम्मानित करने का निश्चय किया था। जब जिलाधिकारी को यह जानकारी मिली कि महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सजकर कलेक्ट्रेट आने की तैयारी कर रही हैं, तो उन्होंने सहृदयता दिखाते हुए स्वयं गंगोत्री एन्क्लेव पहुंचने का संदेश भेजा, ताकि मातृशक्ति को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी के पहुंचते ही महिलाओं, बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने लोक परंपरा अनुसार हल्दी, चंदन, रोली और अक्षत से उनका तिलक कर स्वागत किया। इस अवसर पर ईगास पर्व की शुभकामनाएं देते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि यह पर्व सौहार्द, एकता और लोक संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जनहित में किया जा रहा प्रत्येक कार्य उनका आधिकारिक दायित्व है तथा मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रशासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समाधान और प्रदेश में सुरक्षा व सौहार्द का वातावरण बनाए रखना है।

उन्होंने यह भी कहा कि ईगास पर्व के दिन सरकारी व्यस्तता के कारण उपस्थित न हो पाने पर वे मातृशक्ति से क्षमा प्रार्थी हैं। गंगोत्री एन्क्लेव वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष गिरीश गैरोला ने बताया कि हाल ही में जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा एसएसपी को बाइक पर साथ लेकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने का वायरल क्षण, उनके समर्पण और संवेदनशील प्रशासनिक दृष्टिकोण को दर्शाता है। इसी प्रेरणादायक कार्य के सम्मान में सोसाइटी की महिलाओं ने उन्हें ‘रियल हीरो’ की उपाधि देने का निर्णय लिया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने ईगास बग्वाल की परंपरा के अनुसार जिलाधिकारी को दाल के पकोड़े परोसकर स्वागत किया। गंगोत्री एन्क्लेव वासियों ने कहा कि जिलाधिकारी सविन बंसल का जनसेवा के प्रति समर्पण और संवेदनशील नेतृत्व, जनता विशेषकर महिलाओं में गहरा सम्मान और विश्वास पैदा करता है।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *