डीएम जनदर्शन: सुनवाई से समाधान और मॉनिटरिंग तक – जनता की उम्मीदों पर खरा उतरता जिला प्रशासन
Jagriti Gusain0 Comments
Share on Social Media
देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जनता की समस्याओं की चार घंटे तक धैर्यपूर्वक सुनवाई की। कार्यक्रम में भूमि विवाद,आर्थिक सहायता,घरेलू हिंसा,पेंशन,ऋण माफी,सिंचाई,बाढ़ सुरक्षा तथा दैवीय आपदा से जुड़ी कुल 184 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही किया गया। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
रायवाला निवासी अक्षर और वैभव की माता-पिता की मृत्यु के बाद सौतेली मां उनके पिता की संपत्ति और पेंशन लेकर फरार हो गई। ग्राम प्रधान की शिकायत पर डीएम ने एडीएम को संपत्ति बच्चों के नाम कराने तथा डीपीओ को वात्सल्य जैसी स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़कर बच्चों की पढ़ाई और परवरिश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बिहार निवासी सुधा देवी ने अपने दो वर्षीय गंभीर बीमार बेटे के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। डीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी को तत्काल उपचार तथा एसडीएम मुख्यालय को मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। बच्चे को दून अस्पताल में भर्ती कर इलाज प्रारंभ कर दिया गया,और आवश्यक होने पर निजी चिकित्सालय में भी उपचार कराया जाएगा।
किशनपुर राजपुर निवासी रेनू को कैंसर उपचार हेतु राइफल फंड से आर्थिक सहायता देने और मुख्यमंत्री कल्याण कोष से प्रस्ताव भेजने के निर्देश डीएम ने दिए।वहीं, नेहा, जिनके पति की 2023 में मृत्यु हो गई थी, को आईसीआईसीआई बैंक ऋण माफी प्रकरण में राहत देने हेतु एसडीएम न्याय को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।विधवा पूजा देवी को आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु भी तत्काल कार्यवाही के आदेश दिए गए।
सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका रेखा गुप्ता की 7 माह से लंबित पेंशन के मामले में डीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को 3 दिन में आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।उमा देवी द्वारा ऋण और बेटे के स्कूल से निष्कासन के प्रकरण पर डीएम ने एसडीएम से रिपोर्ट तथा डीईओ को छात्र दीपेश का दाखिला सुनिश्चित करने को कहा।
फरियादी किरण देवी ने शिकायत की कि 5 लाख के ऋण के बदले 10 लाख जमा कराने के बावजूद बैंक द्वारा रिकवरी की जा रही है। डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी को डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक की जांच के निर्देश दिए।70 वर्षीय कृष्णा कुमारी की किराएदार द्वारा घर पर कब्जे की शिकायत पर तहसीलदार को तत्काल जांच के आदेश दिए गए।
बुजुर्ग माता-पिता को शराबी बेटों द्वारा प्रताड़ित करने के मामले में डीएम ने गुंडा एक्ट में वाद दर्ज कराने के निर्देश दिए।एचएनबी कॉलोनी अजबपुर में सिंचाई समस्या पर तत्काल समाधान के निर्देश।चंद्रबनी चोईला में क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार के निर्माण हेतु नगर निगम को कार्रवाई करने को कहा गया।निजी भूमि पर लगे रिलायंस टावर हटाने हेतु एडीएम को कंपनी अधिकारियों को तलब करने के निर्देश।हिलांसवाली गांव में बाढ़ से फसल क्षति की जांच और मुआवजा रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश।
जनदर्शन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, एसडीएम स्मृता परमार, एसडीएम अपूर्वा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम विनोद कुमार, उप नगर आयुक्त संतोष पांडेय, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, डीपीओ जितेन्द्र कुमार, डीपीओ मीना बिष्ट, डीएसडब्ल्यूओ दीपांकर घिल्डियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।