देहरादून जिला प्रशासन की अभिनव पहल से ‘‘फ्री सखी कैब सुविधा’’ जनमानस को समर्पित

Share on Social Media

 

06 अतिरिक्त सखी ईवी वाहन जल्द होंगे संचालित, आरएफपी भी अपलोड
महिला स्वयं सहायता समूह के संचालन में राज्य की प्रथम ऑटोमेटेड पार्किंग को मिलेगी नई दिशा

देहरादून(जिला सूचना विभाग)। जिला प्रशासन देहरादून द्वारा शहर के यातायात प्रबंधन को सुगम बनाने के उद्देश्य से परेड ग्राउण्ड ऑटोमेटेड पार्किंग के अन्तर्गत ‘‘फ्री सखी कैब सुविधा’’ का शुभारंभ किया गया।

परेड ग्राउण्ड ऑटोमेटेड पार्किंग से ‘‘सखी शटल सेवा’’ के दो नए ईवी वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वाहन 5 किलोमीटर के दायरे में जनमानस को निःशुल्क ड्रॉप एवं पिकअप सुविधा प्रदान करेंगे। शीघ्र ही 05 चिन्हित स्थलों पर शटल स्टॉप बनाए जाएंगे।

वर्तमान में कृष्णा महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा पार्किंग का संचालन किया जा रहा है, जिससे प्रतिदिन ₹29,120 की आय हो रही है। ‘‘सखी’’ वाहनों के संचालन से यह आय और बढ़ने की संभावना है। यह राज्य की पहली ऑटोमेटेड पार्किंग है जिसे महिला स्वयं सहायता समूह के माध्यम से संचालित किया जा रहा है — महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम।

ऑटोमेटेड पार्किंग व ‘‘सखी कैब’’ संचालन के माध्यम से महिलाओं को आजीविका के नए अवसर मिल रहे हैं। समूह की महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर हैं और “लखपति दीदी” बनने की ओर बढ़ रही हैं।

फ्री ‘‘सखी कैब सुविधा’’ के अंतर्गत ऑटोमेटेड पार्किंग में वाहन पार्क करने वाले वाहन स्वामियों को शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों — गांधी पार्क, पल्टन बाजार, घंटाघर, राजपुर रोड आदि — तक निःशुल्क पहुँच की सुविधा दी जा रही है।

इससे नागरिक अपने वाहन पार्किंग में सुरक्षित छोड़कर शटल सेवा से गंतव्य तक जा सकेंगे। जल्द ही 06 अतिरिक्त ईवी वाहन भी सेवा में जोड़े जाएंगे।

जिला प्रशासन द्वारा सड़क पर अनधिकृत रूप से पार्क किए गए वाहनों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। गांधी पार्क, घंटाघर, तिब्बती मार्केट और सुभाष रोड जैसे क्षेत्रों में अब वाहन सड़क पर खड़े करने पर सीज किए जाएंगे। इसके लिए एक समर्पित क्रेन पिछले एक माह से तैनात है।

जिला प्रशासन देहरादून द्वारा 3 नई ऑटोमेटेड पार्किंग सुविधाएं विकसित की गई हैं—

  • परेड ग्राउण्ड: 111 वाहन क्षमता
  • तिब्बती मार्केट: 132 वाहन क्षमता
  • कोरोनेशन हॉस्पिटल: 18 वाहन क्षमता

कुल 261 वाहनों की यह क्षमता जल्द ही मा० मुख्यमंत्री द्वारा औपचारिक रूप से जनमानस को समर्पित की जाएगी।

विधायक खजानदास ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा शहर को जाम से मुक्त करने की दिशा में यह अभिनव कदम सराहनीय है। उन्होंने प्रशासन को इस जनहितकारी परियोजना के लिए धन्यवाद दिया।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में तैयार यह परियोजना परम्परागत पार्किंग की तुलना में तीन गुना कम लागत में और कम समय में पूर्ण हुई है। ‘‘सखी फ्री कैब’’ का उद्देश्य आम नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और सम्मानजनक सुविधा प्रदान करना है।

इस अवसर पर महापौर सौरभ थपलियाल, जिलाधिकारी सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकजीत सिंह, ग्राम्य विकास अभिकरण के निदेशक विक्रम सिंह, डीटीओ दीपक सैनी, डीवीओ सुनील कुमार तथा कृष्णा महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्याएँ उपस्थित रहीं।


 

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *