चारधाम यात्रा 2026: श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु स्वास्थ्य विभाग की व्यापक तैयारियां, 1350 चिकित्सा कर्मी होंगे तैनात

Share on Social Media


देहरादून, 01 अप्रेल। महानिदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, उत्तराखंड, डॉ. सुनीता टम्टा ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के लिए सरकारी एवं निजी मेडिकल कॉलेजों से विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती भी की जाएगी। इसके अलावा यात्रा मार्गों पर 25 मेडिकल रिलीफ पोस्ट (एमआरपी) स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

आगामी 19 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए इस वर्ष स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक और सुदृढ़ चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्गों तथा ट्रांजिट कैंपों में स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रा मार्ग पर लगभग 1350 डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मियों की तैनाती के लिए विस्तृत रोस्टर तैयार किया गया है। ये टीमें विभिन्न पड़ावों, कैंपों और प्रमुख स्थलों पर 24 घंटे सेवाएं प्रदान करेंगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा सके। सभी चिकित्सा कर्मियों को संबंधित जनपदों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के अधीन रखा गया है।

यात्रा के प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर स्क्रीनिंग और मेडिकल चेकअप की सख्त व्यवस्था की जा रही है। साथ ही यात्रा मार्गों पर आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी एडवाइजरी भी प्रदर्शित की जाएगी, ताकि श्रद्धालु यात्रा के दौरान सतर्क और सुरक्षित रह सकें।

यात्रा प्रारंभ होने से पहले स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकों को जनपद स्तर एवं राजधानी स्थित मेडिकल कॉलेजों में विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य चिकित्सकों को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में उत्पन्न होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार करना है। प्रशिक्षण के दौरान सांस लेने में कठिनाई, अत्यधिक थकान, रक्तचाप असंतुलन और हृदय संबंधी समस्याओं के त्वरित उपचार की जानकारी दी जा रही है। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने का अभ्यास भी कराया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इन सुदृढ़ व्यवस्थाओं और विशेष प्रशिक्षण के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को इस वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान बेहतर, सुरक्षित और सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *