देहरादून। प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में सचिवालय में प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन-2026 की तैयारियों को लेकर गठित समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन के सफल आयोजन, व्यापक प्रचार-प्रसार और देश-विदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
प्रमुख सचिव ने अधिकारियों से सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप, युवा-केंद्रित और नवाचारपूर्ण स्वरूप में आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्मेलन की ऐसी विशिष्ट पहचान बनाई जाए, जिससे देश के विभिन्न राज्यों और शहरों में रहकर अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे प्रवासी उत्तराखण्डी इससे जुड़ सकें। उन्होंने ऐसे प्रवासियों को चिह्नित कर सम्मेलन में आमंत्रित करने और उनके अनुभवों, सुझावों तथा विशेषज्ञता का लाभ राज्य के विकास में लेने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में अवगत कराया गया कि तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सम्मेलन का आयोजन देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद ऑडिटोरियम में किया जाएगा। प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सम्मेलन की विस्तृत रूपरेखा अंतिम रूप से तैयार करने तथा तीन से चार दिन के भीतर तैयारियों की प्रगति से अवगत कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सम्मेलन में आमंत्रित अतिथियों की पहचान करने के साथ ही उनके आवागमन, परिवहन, वाहनों, ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उद्घाटन सत्र, विभिन्न विषयगत सत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रमुख सचिव ने कहा कि सम्मेलन के दौरान राज्य सरकार के विकास कार्यों, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रसारण किया जाएगा। इससे प्रवासी उत्तराखण्डियों को प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों में संचालित पहलों की जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने संबंधित विभागों को पत्र जारी कर आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव शैलेश बगौली, विनोद कुमार सुमन, सी. रविशंकर, राजेंद्र कुमार, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, मुख्य विकास अधिकारी देहरादून अभिनव शाह, सदस्य उत्तराखण्ड प्रवासी प्रकोष्ठ सुधीर चन्द्र नौटियाल, उपनिदेशक सूचना बद्री चंद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
