विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सड़कों की मरम्मत और जनसमस्याओं के निस्तारण में तेजी लाएं अधिकारी: मुख्यमंत्री

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में देर रात तक प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ करीब चार घंटे तक चली उच्चस्तरीय बैठक में विकास कार्यों, जनसुविधाओं, कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, आगामी त्योहारों की तैयारियों, निर्वाचन संबंधी कार्यों और हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब और जिम्मेदारी से बचने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण और परिणामोन्मुखी ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।

सड़कों की मरम्मत में लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सड़कों की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए सभी जिलाधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण करने और लंबित मरम्मत कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के अभियान में तेजी लाई जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरे किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह जल्द ही स्वयं सड़क मार्ग से प्रदेश का दौरा करेंगे। यदि कहीं सड़क टूटी मिली या मरम्मत कार्य में लापरवाही सामने आई, तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को कागजों पर प्रगति दिखाने के बजाय धरातल पर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीवर और पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधूरे कार्यों को एक नवंबर तक पूरा कर सड़कों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर बाजारों, आवासीय क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर विशेष ध्यान देने तथा नगर निगमों, नगर पालिकाओं और अन्य नगरीय निकायों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए।

राजस्व मामलों का समयबद्ध निस्तारण और निर्वाचन कार्यों पर जोर

मुख्यमंत्री ने राजस्व संबंधी मामलों में अनावश्यक विलंब रोकने के निर्देश देते हुए कहा कि पटवारी और तहसीलदार अपने स्तर पर मामलों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने राजस्व व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत मतदाता सूची से संबंधित कार्यों तथा जिला योजना के सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

कानून-व्यवस्था मजबूत करने और त्योहारों पर सुरक्षा के निर्देश

मुख्यमंत्री ने पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह, संवेदनशील और प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि संज्ञेय अपराधों में नियमानुसार तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए। नवरात्र और आगामी दीपावली के दृष्टिगत सुरक्षा एवं यातायात की पुख्ता व्यवस्था करने तथा महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा।

ऑपरेशन कालनेमि और सत्यापन अभियान की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने इन्हें आगामी त्योहारों तथा हरिद्वार कुंभ-2027 की आवश्यकताओं के अनुरूप और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने धार्मिक स्थलों, पर्यटन क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने को कहा।

पर्यटन स्थलों और कुंभ-2027 की तैयारियों की समीक्षा

शीतकालीन पर्यटन एवं यात्रा सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मसूरी, नैनीताल, हरिद्वार और ऋषिकेश सहित प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों के लिए अग्रिम यातायात योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरे करने को कहा।

आपदा प्रभावितों को तत्काल राहत, दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर

आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत और सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्वतीय, दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। ग्रामीण क्षेत्रों और आबादी से सटे इलाकों में भालू, तेंदुए सहित अन्य वन्यजीवों के कारण होने वाली घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने संबंधित जनपदों के प्रभारी सचिवों को प्रत्येक 15 दिन में आवंटित जिले का भ्रमण करने और जनपदवार एवं विकासखंडवार विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने और जिम्मेदारी से बचने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में गृह सचिव, गढ़वाल एवं कुमाऊं मंडल के आयुक्त, प्रदेश के सभी जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दोनों पुलिस परिक्षेत्रों के पुलिस महानिरीक्षक तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *