देहरादून, 17 मार्च। एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने तथा शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के अनुपालन में जनपद देहरादून में क्षेत्रवार क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) का गठन किया गया है। गठित टीमों द्वारा आज विभिन्न क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का निरीक्षण करते हुए एलपीजी गैस की मांग, आपूर्ति और वितरण से संबंधित सभी गतिविधियों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा कंट्रोल रूम से जिले में गैस वितरण एवं आपूर्ति की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। साथ ही जनमानस की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु निगरानी व्यवस्था सक्रिय रखी गई है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 0135-2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर शाम 5 बजे तक एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुईं। कंट्रोल रूम में तैनात जिला खाद्य पूर्ति विभाग की टीम द्वारा सिलेंडर उपलब्धता, आपूर्ति अथवा अन्य समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज जिले में लगभग 12,004 अतिरिक्त घरेलू उपभोक्ताओं तथा 136 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। हालांकि घरेलू गैस सिलेंडरों में लगभग 75 हजार का बैकलॉग अभी भी बना हुआ है। प्रशासन के अनुसार एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा मांग के अनुरूप आपूर्ति बढ़ाने के लिए गैस कंपनियों को लोड बढ़ाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए निगरानी एवं निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा।
