देहरादून,17 मार्च । जिलाधिकारी सविन बंसल की पहल पर जनपद देहरादून में शिक्षा के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। “प्रोजेक्ट उत्कर्ष” के अंतर्गत जिले के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में डिजिटल एवं उन्नत शिक्षण सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को तकनीक-सक्षम और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा बड़े स्तर पर डिजिटल शिक्षण व्यवस्था लागू करते हुए जनपद के 168 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कुल 884 स्मार्ट टीवी स्थापित किए जा रहे हैं। लगभग 3.67 करोड़ रुपये की लागत से खरीदे गए सभी स्मार्ट टीवी विद्यालयों तक पहुंच चुके हैं और उनका इंस्टॉलेशन कार्य तेजी से जारी है।
स्मार्ट टीवी के माध्यम से कक्षाओं में ऑडियो-वीडियो सामग्री, ई-लर्निंग मॉड्यूल तथा डिजिटल पाठ्यसामग्री का उपयोग किया जाएगा, जिससे शिक्षण प्रक्रिया अधिक प्रभावी, रोचक और सहभागितापूर्ण बनेगी। विद्यार्थियों को दीक्षा पोर्टल, पीएम ई-विद्या, शैक्षिक वीडियो और वर्चुअल कक्षाओं जैसी आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी अवधारणात्मक समझ और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार होगा।
परियोजना के तहत विद्यालयों की आवश्यकता के अनुसार 43 इंच और 55 इंच के स्मार्ट टीवी खरीदे गए हैं। इसके लिए धनराशि जिला खनन निधि से उपलब्ध कराई गई है। इससे पहले जिला प्रशासन द्वारा लगभग 5 करोड़ रुपये के सीएसआर फंड से सभी सरकारी विद्यालयों को फर्नीचरयुक्त भी किया जा चुका है।
स्मार्ट टीवी की खरीद जैम पोर्टल के माध्यम से ई-टेंडर प्रक्रिया द्वारा पूर्ण पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धात्मक प्रणाली के तहत की गई। निविदा प्रक्रिया में 12 फर्मों ने भाग लिया, जिनमें तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन के बाद न्यूनतम दर वाली पात्र फर्म का चयन किया गया।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने इस पहल को शिक्षा के आधुनिकीकरण की दिशा में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि जिला प्रशासन विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। निर्धारित समयसीमा में सभी विद्यालयों में स्मार्ट टीवी स्थापना पूर्ण कर डिजिटल शिक्षण सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
यह पहल न केवल डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुरूप तकनीक-सक्षम शिक्षण वातावरण विकसित करने का भी सशक्त प्रयास है।
