गुलदार के हमले में मासूम की मौत पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

Share on Social Media


पौड़ी ,पोखड़ा। जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड पोखड़ा अंतर्गत कोलागाड़ क्षेत्र के ग्राम तिमली के भतकोट गांव में गुलदार द्वारा एक मासूम बच्चे को निवाला बनाए जाने की हृदय विदारक घटना सामने आई है। इस दुखद घटना के बाद उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पीड़ित परिवार के गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की तथा उनका हाल-चाल जाना।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी लंबे समय से सरकार एवं वन विभाग को पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ते वन्यजीव हमलों को लेकर लगातार आगाह करती रही है, लेकिन सरकार इस गंभीर समस्या के प्रति पूरी तरह उदासीन बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार की अनदेखी के कारण ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता की सुरक्षा के साथ-साथ कृषि और बागवानी भी गंभीर संकट में आ गई है।

उन्होंने कहा कि अब तक कई निर्दोष लोगों की जान जा चुकी है और अनेक परिवारों को अपूरणीय क्षति का सामना करना पड़ा है, बावजूद इसके राज्य सरकार और वन विभाग द्वारा कोई ठोस एवं प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। गोदियाल ने आरोप लगाया कि पहाड़ों में रहने वाले लोगों का जीवन भय के साये में गुजर रहा है, जबकि सरकार और संबंधित विभाग इस गंभीर मुद्दे पर संवेदनहीन बने हुए हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वन्यजीव हमलों पर शीघ्र प्रभावी रोक नहीं लगाई गई, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने को बाध्य होगी। साथ ही उन्होंने मांग की कि पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए तथा क्षेत्र में वन्यजीवों के आतंक को रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना लागू की जाए।

गोदियाल ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि उनकी आवाज सरकार और संबंधित विभागों तक मजबूती से पहुंचाई जाएगी तथा न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता कबीन्द्र इस्टवाल, पूर्व प्रमुख सुरेन्द्र सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य पूनम कैन्त्यूरा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *