मुख्यमंत्री ने सेलाकुई में ₹20.55 करोड़ की पांच योजनाओं का किया शिलान्यास एवं लोकार्पण

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सेलाकुई स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय परिसर में ₹20.55 करोड़ की पांच योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें ₹20.21 करोड़ की तीन योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹34 लाख की दो योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इस अवसर पर उन्होंने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा शिक्षा के विस्तार, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। विश्वविद्यालय परिसर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना के लिए केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में पांच राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो निर्माणाधीन हैं। हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान और किच्छा में ₹351 करोड़ की लागत से एम्स सैटेलाइट सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस जैसी सुविधाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल के तहत वर्ष 2023 में 60 अभ्यर्थियों को जापान और वर्ष 2025 में 13 अभ्यर्थियों को जर्मनी में रोजगार मिला। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है।

कार्यक्रम में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री  सुबोध उनियाल, विधायक  सहदेव सिंह पुंडीर, विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) भानु दुग्गल, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *