देहरादून। जनपद देहरादून में जिला योजना समिति (डीपीसी) सामान्य निर्वाचन-2026 की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। 16 अक्टूबर को मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार आज जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान तथा देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल ने नवनिर्वाचित सदस्यों को निर्वाचन प्रमाण पत्र वितरित कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
जिला योजना समिति के चुनाव में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत जिला पंचायत के सभी 10 प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों और नगर निगम देहरादून की सभी 15 सीटों पर सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं, विकासनगर, हरबर्टपुर एवं सेलाकुई के संयुक्त प्रादेशिक क्षेत्र की एक सीट पर भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
इसके अतिरिक्त नगर निगम ऋषिकेश की दो सीटों तथा नगर पालिका परिषद मसूरी और डोईवाला की एक-एक सीट पर मतदान के माध्यम से सदस्यों का निर्वाचन किया गया।
नगर निगम देहरादून की 15 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचित सदस्यों में रविन्द्र सिंह, भूपेन्द्र सिंह कठैत, नंदिनी शर्मा, संतोख सिंह नागपाल, वैभव अग्रवाल, सतीश कश्यप, विमल चन्द उनियाल, कपिल धर, आलोक कुमार, संजीत कुमार बंसल, पूजा नेगी, अमिता सिंह, मीनाक्षी मौर्या, प्रवीन सिंह नेगी एवं अशोक डोबरियाल शामिल हैं।
इसी प्रकार जिला पंचायत क्षेत्र की 10 सीटों पर अमिता राज, खुशबू गुरुंग, गोविन्द सिंह, दीवान सिंह, पिंकी रोहिला, रश्मि देवी, विजयलक्ष्मी, विनिता रतूड़ी, संजय किशोर एवं हुकम चन्द्र निर्विरोध निर्वाचित हुए। विकासनगर, हरबर्टपुर एवं सेलाकुई के संयुक्त प्रादेशिक क्षेत्र से एल. शर्मा निर्विरोध निर्वाचित हुए।
मतदान के उपरांत नगर निगम ऋषिकेश से राजेन्द्र सिंह बिष्ट एवं संध्या बिष्ट, नगर पालिका परिषद डोईवाला से रियायत अली तथा नगर पालिका परिषद मसूरी से पवन भलवाल निर्वाचित घोषित किए गए।
प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने नवनिर्वाचित सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि जनपद के समग्र एवं संतुलित विकास में जिला योजना समिति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी सदस्यों से अपेक्षा की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की जनसमस्याओं को प्राथमिकता से उठाएं और उनके समाधान के साथ ही जनपद के विकास के लिए दूरगामी एवं प्रभावी योजनाओं के प्रस्ताव तैयार करने में सक्रिय योगदान दें।
महापौर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम देहरादून की सभी 15 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन होने पर नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी सदस्य आपसी समन्वय और सहयोग से बिना किसी भेदभाव के नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट हर्षिता सिंह, उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
