सड़क हादसों में घायलों को ₹1.50 लाख तक कैशलेस उपचार, राह-वीरों को ₹25 हजार का पुरस्कार

Share on Social Media


देहरादून। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आईआरडीटी ऑडिटोरियम, सर्वे चौक में एक दिवसीय संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें प्रधानमंत्री राहत योजना और राह-वीर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।

कैबिनेट मंत्री खजान दास और जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने दीप प्रज्वलित कर संगोष्ठी का शुभारंभ किया। खजान दास ने कहा कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर सहायता कर उसकी जान बचाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। वहीं, जिलाधिकारी ने कहा कि घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए विभागों के बीच समन्वय और जनसहभागिता जरूरी है।

संगोष्ठी में बताया गया कि प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार ₹1.50 लाख तक कैशलेस उपचार की सुविधा मिलती है। वहीं, घायल को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने वाले राह-वीर को ₹25 हजार तक की पुरस्कार राशि देने का प्रावधान है। उत्कृष्ट राह-वीरों को राष्ट्रीय स्तर पर ₹1 लाख की पुरस्कार राशि, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र से भी सम्मानित किया जाता है।

विशेषज्ञों ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि रोकने के लिए त्वरित चिकित्सा सहायता, आपातकालीन सेवा 112 तथा ई-डीएआर और टीएमएस 2.0 पोर्टल की प्रक्रियाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में परिवहन, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सरकारी एवं निजी अस्पतालों के चिकित्सक उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *