देहरादून में गैस की कालाबाजारी पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 17 गैस एजेंसियों, 45 प्रतिष्ठानों और 5 पेट्रोल पंपों का निरीक्षण, 19 सिलेंडर जब्त, 2 गिरफ्तार

Share on Social Media


देहरादून,14 मार्च  (जिला सूचना विभाग)। एलपीजी गैस से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम सक्रिय किया गया है।

जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र में संचालित कंट्रोल रूम के माध्यम से नागरिकों की एलपीजी गैस संबंधी शिकायतों और समस्याओं का निरंतर निस्तारण किया जा रहा है।जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर शाम 5 बजे तक गैस आपूर्ति से संबंधित कुल 341 शिकायतें प्राप्त हुईं। कंट्रोल रूम में जिला खाद्य पूर्ति विभाग, देहरादून में गैस आपूर्ति करने वाली सभी एलपीजी एजेंसियों के प्रतिनिधियों और प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज जिले में लगभग 29,120 घरेलू उपभोक्ताओं तथा 69 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वहीं घरेलू गैस सिलेंडरों में लगभग 67 हजार का बैकलॉग बना हुआ है। 1 मार्च से अब तक जिले में 1,91,548 घरेलू और 15,336 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है, जबकि वर्तमान में 31,807 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं।

जिले में गैस की मांग के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त लोड बढ़ा दिया गया है, जिससे जल्द ही बैकलॉग कम होने की उम्मीद है। आम जनता की सुविधा के लिए विभिन्न माध्यमों से गैस बुकिंग की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रशासन की विभिन्न टीमों ने जिले में 17 गैस एजेंसियों, 45 प्रतिष्ठानों और 5 पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 19 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। डोईवाला क्षेत्र में गैस की कालाबाजारी के मामले में एक प्राथमिकी दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

जिला प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे घबराएं नहीं। प्रत्येक उपभोक्ता तक होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। वर्तमान व्यवस्था के अनुसार शहरी क्षेत्रों में एक बार सिलेंडर प्राप्त करने के 25 दिन बाद और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद ही अगला सिलेंडर बुक किया जा सकेगा।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *