देहरादून,12 अप्रैल।जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी एवं अवैध रिफिलिंग की प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन द्वारा त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की गई है।
ऋषिकेश क्षेत्र के बनखण्डी में एक वाहन (संख्या यूके14सीए-6186) में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग किए जाने की सूचना प्राप्त होने पर जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रकरण की जांच कराई गई। जांच में उक्त वाहन का संबंध ऋषिकेश स्थित एक गैस एजेंसी से पाया गया, जिसके उपरांत एजेंसी का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान यह तथ्य सामने आया कि संबंधित वाहन चालक योगेन्द्र कुमार एवं उसके सहयोगी आशीष का एजेंसी में कोई विधिवत सत्यापन अथवा नियुक्ति संबंधी अभिलेख उपलब्ध नहीं था। इसके बावजूद उन्हें गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही थी, जिससे एजेंसी की भूमिका संदिग्ध पाई गई।
प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 (अद्यतन) एवं भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गैस की कालाबाजारी,अवैध रिफिलिंग तथा उपभोक्ताओं के हितों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी गैस एजेंसियों को अपने समस्त कार्मिकों का सत्यापन सुनिश्चित करने तथा वितरण प्रणाली को पूर्ण पारदर्शिता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) द्वारा जनपद में सतत प्रवर्तन कार्यवाही की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज जनपद में लगभग 16,275 उपभोक्ताओं को घरेलू तथा 817 उपभोक्ताओं को व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की गई है। वर्तमान में घरेलू एलपीजी के 28,937 तथा व्यवसायिक के 4,745 सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा रहा है।
