देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के फरह स्थित गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र में दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ तथा आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केन्द्र और नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण किया गया। साथ ही आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय और आवासीय परिसर का शिलान्यास किया गया।

उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से भी जुड़ा है। प्राचीन भारतीय परंपराओं और आधुनिक विज्ञान के समन्वय से गौ संरक्षण, पशु चिकित्सा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं। उन्होंने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उसके कार्य पूरे देश के लिए अनुकरणीय हैं।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड और ब्रजभूमि के आध्यात्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए मां यमुना को दोनों क्षेत्रों की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया। उन्होंने हरिपुर-कालसी में विकसित भव्य यमुना घाट एवं स्थापित प्रतिमा का उल्लेख करते हुए इसे प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने संत समाज और श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी पहुंचकर मां यमुना की आरती में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए भारतीय संस्कृति, परंपराओं, प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण के साथ वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देना आवश्यक है।
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, स्वामी कैलाशानन्द गिरि महाराज, स्वामी अवधेशानन्द गिरि महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी सहित समिति के पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
