हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जगद्गुरु आश्रम पहुंचकर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से शिष्टाचार भेंट की तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महाराज के साथ आध्यात्मिक, धार्मिक एवं समसामयिक विषयों पर चर्चा की और उनके मार्गदर्शन एवं विचारों को आत्मसात किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत-महात्माओं का सानिध्य एवं आशीर्वचन जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मिक शांति और जनसेवा के प्रति समर्पण की प्रेरणा प्रदान करते हैं। भारतीय सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं एवं नैतिक मूल्यों के संरक्षण और संवर्धन में संत समाज का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। संतों के मार्गदर्शन से समाज में सद्भाव, संस्कार, सेवा और धर्म के प्रति आस्था मजबूत होती है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण के लिए उनके आशीर्वाद की कामना की।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी समृद्ध आध्यात्मिक विरासत, धार्मिक परंपराओं और देवभूमि की संस्कृति से है। राज्य सरकार इन परंपराओं के संरक्षण तथा धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
भेंट के दौरान आध्यात्मिक वातावरण में विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री ने महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेश के विकास, जनकल्याण एवं राज्य की सुख-शांति के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
