अक्षय पात्र फाउंडेशन ने भोजन माताओं को स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा का दिया विशेष प्रशिक्षण

Share on Social Media


देहरादून। विद्यालयों में बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने और मध्याह्न भोजन व्यवस्था को अधिक गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से अक्षय पात्र फाउंडेशन, देहरादून की ओर से भोजन माताओं के लिए दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान भोजन तैयार करने, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, रसोई की स्वच्छता तथा बच्चों को भोजन परोसने से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में भोजन माताओं को रसोईघर की साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य सामग्री का उचित रखरखाव करने, भोजन पकाते समय स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करने और बच्चों को स्वच्छ वातावरण में भोजन परोसने के तौर-तरीके समझाए गए। प्रशिक्षकों ने बताया कि भोजन तैयार करने और वितरण के दौरान स्वच्छता के प्रति छोटी-सी लापरवाही भी बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है, इसलिए प्रत्येक स्तर पर सावधानी बरतना आवश्यक है।

कार्यक्रम में सैद्धांतिक जानकारी के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया गया। विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कर भोजन माताओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ तरीके से भोजन तैयार करने की विधियां सिखाई गईं। प्रशिक्षण में भोजन माताओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया, जबकि विद्यालयों के स्टाफ ने भी कार्यक्रम के संचालन में सहयोग प्रदान किया।

अक्षय पात्र फाउंडेशन के क्लस्टर हेड वेनतया दास के निर्देशन में संचालित प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत डिस्ट्रीब्यूशन हेड किशन दुबे एवं प्रीति राणा ने विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर भोजन माताओं को प्रशिक्षण दिया।

फाउंडेशन का उद्देश्य विद्यालयों में मध्याह्न भोजन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण बनाना तथा खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस पहल के माध्यम से बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण सुनिश्चित करने के साथ ही विद्यालयों में भोजन की गुणवत्ता को मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम की भोजन माताओं एवं विद्यालय स्टाफ ने सराहना करते हुए इसे बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षित भोजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं उपयोगी पहल बताया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *