गोवर्धन पूजा पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की गौ माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर अपने शासकीय आवास में विधि-विधान के साथ गौ माता की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने गौ माता को तिलक लगाया और पुष्पमाला पहनाकर पूजा की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति, प्रकृति के प्रति आस्था और कृतज्ञता का प्रतीक पर्व है। यह पर्व हमें प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण के संरक्षण के महत्व का स्मरण कराता है। भारतीय संस्कृति में गौ माता को विशेष स्थान प्राप्त है तथा गौ संरक्षण एवं संवर्धन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं का अभिन्न अंग रहा है।

उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर जीवन जीने तथा समस्त जीव-जंतुओं के प्रति करुणा, दया और संवेदनशीलता का भाव रखने की प्रेरणा देती है। गौ सेवा एवं संरक्षण केवल हमारी सांस्कृतिक परंपरा ही नहीं, बल्कि सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा और पशुधन का संवर्धन हम सभी का सामूहिक दायित्व है। हमें अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए प्रकृति के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने चाहिए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *