वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शीतकाल के लिए बंद हुए विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट, मां गंगा की उत्सव डोली मुखबा के लिए रवाना

Share on Social Media


उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध श्री गंगोत्री धाम के कपाट अन्नकूट एवं गोवर्धन पर्व के पावन अवसर पर मंगलवार को अभिजीत मुहूर्त में ठीक दोपहर 12 बजकर 5 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ शीतकाल के लिए आगामी छह माह तक बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की गंगोत्री धाम की यात्रा का विधिवत समापन हो गया।

कपाट बंद होने के पश्चात मां गंगा की उत्सव डोली को पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ उनके शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा (मुखीमठ) के लिए रवाना किया गया। इस दौरान देव डोलियों की उपस्थिति, लोक संस्कृति की मनमोहक छटा, ढोल-दमाऊ की गूंज और भारतीय सेना के बैंड की मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं आध्यात्मिक बना दिया। मां गंगा की उत्सव डोली की विदाई के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ मां गंगा के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

मां गंगा की उत्सव डोली पहले दिन लगभग 19 किलोमीटर की पैदल यात्रा करेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डोली भैरव मंदिर होते हुए मार्कण्डेय पुरी स्थित देवी मंदिर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। इसके पश्चात 11 नवंबर को मां गंगा की उत्सव डोली मुखबा के लिए प्रस्थान करेगी। मुखबा में आगामी छह माह तक मां गंगा की पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे और श्रद्धालु शीतकाल में यहीं मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे।

गंगोत्री धाम में कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया एवं तैयारियां मंगलवार प्रातःकाल से ही विधि-विधान के साथ प्रारंभ हो गई थीं। निर्धारित समय पर विशेष पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच कपाट बंद किए गए। इस अवसर पर धाम में मौजूद श्रद्धालुओं ने मां गंगा से प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की प्रार्थना की।

गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के साथ ही मां गंगा की शीतकालीन पूजा-अर्चना की परंपरा अब उनके शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा में विधिवत रूप से संचालित होगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *