खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज खटीमा में आयोजित कार्यक्रम में खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक ₹14.97 करोड़ की लागत से प्रस्तावित मोटर मार्ग चौड़ीकरण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों तथा आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही सड़क पर जाम की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खटीमा से उनका रिश्ता केवल एक जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि मां-बेटे के अटूट रिश्ते जैसा है। यहां के लोगों का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद उन्हें निरंतर प्रदेश की सेवा करने की प्रेरणा और ऊर्जा प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खटीमा के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन सहित बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राजकीय महाविद्यालय में भवन निर्माण, आईटीआई एवं बालिका विद्यालयों के आधुनिकीकरण जैसे कार्यों के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़कों के चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण और बस अड्डे जैसी परिवहन सुविधाओं के विकास से आमजन को लाभ मिल रहा है। किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए चीनी मिल का संचालन, गन्ने की समयबद्ध पेराई और किसानों को भुगतान सुनिश्चित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि खटीमा में जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों के विकास से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंचे, जहां स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया,संतोष गौरव,गंभीर सिंह धामी,किशन सिंह,रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट, रामू भारती, एडीएम पंकज उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
