जॉर्ज एवरेस्ट की ऐतिहासिक भूमि निजी हाथों में सौंपने के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, गणेश गोदियाल ने किया नेतृत्व

Share on Social Media


देहरादून। उत्तराखण्ड की बेशकीमती सरकारी जमीनों को निजी हाथों में सौंपे जाने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए जा रहे ‘धामी हटाओ-भूमि बचाओ’ अभियान के तहत बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में मसूरी स्थित ऐतिहासिक जॉर्ज एवरेस्ट की भूमि के निजीकरण के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया।

कांग्रेसजनों ने सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए सरकारी संपत्तियों और प्रदेश की प्राकृतिक विरासत की रक्षा के लिए आंदोलन तेज करने का ऐलान किया।

प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखण्ड की भूमि महज जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ी धरोहर है। राज्य गठन के समय जनता ने सपना देखा था कि प्रदेश के जल, जंगल और जमीन पर स्थानीय लोगों का अधिकार सुरक्षित रहेगा तथा इन संसाधनों का इस्तेमाल जनकल्याण और विकास के लिए होगा। लेकिन भाजपा सरकार सरकारी भूमि को कौड़ियों के भाव निजी हाथों में सौंपकर प्रदेश के हितों के साथ खिलवाड़ कर रही है।

उन्होंने कहा कि मसूरी स्थित जॉर्ज एवरेस्ट केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसी महत्वपूर्ण भूमि को निजी हाथों में सौंपने का निर्णय सरकार की मंशा और पूरी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सरकार को प्रदेश की जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए कि यह भूमि किस प्रक्रिया, किन शर्तों और किनके हितों को ध्यान में रखकर निजी हाथों में सौंपी गई है।

गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश की सरकारी संपत्तियों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। प्रदेश की जनता की संपत्तियों का इस्तेमाल निजी हितों के लिए किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। ‘धामी हटाओ-भूमि बचाओ’ अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की जमीन, जंगल और जनहितों की रक्षा के लिए जनआंदोलन है। उन्होंने मांग की कि निजी हाथों में सौंपी गई जमीनों को तत्काल सरकार में निहित किया जाए तथा जॉर्ज एवरेस्ट सहित सरकारी भूमि के हस्तांतरण से जुड़े सभी निर्णयों पर पुनर्विचार कर पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक की जाए।

प्रदर्शन में पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र सिंह भंडारी, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र शाह, अश्विनी बहुगुणा, उपेन्द्र थापली, अमरजीत सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राजेश चमोली, विधानसभा प्रभारी अमरेंद्र बिष्ट, जिला अध्यक्ष अमित गुप्ता, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता, पार्षद सोमेंद्र बोहरा, सहित प्रदेश, जिला एवं महानगर कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों एवं विभागों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *