विधानसभा चुनाव-2027: देहरादून के 12,500 दिव्यांग मतदाताओं की मतदाता सूची में होगी मैपिंग, 30 नवंबर तक पूरा होगा विशेष अभियान

Share on Social Media


देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 के मद्देनजर जनपद देहरादून में दिव्यांग मतदाताओं की पहचान और उन्हें मतदान प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत समाज कल्याण विभाग से दिव्यांग पेंशन प्राप्त कर रहे लगभग 12,500 दिव्यांगजनों की मतदाता सूची में मैपिंग की जाएगी। इस अभियान को 30 नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी देहरादून ने अभियान के प्रभावी संचालन एवं संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल को नोडल अधिकारी नामित किया है। समाज कल्याण विभाग के माध्यम से दिव्यांगजनों का मतदाता सूची में विवरण दर्ज एवं मैपिंग किया जा रहा है, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्येक दिव्यांग मतदाता को उसकी आवश्यकता के अनुरूप मतदान संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जनपद के सभी दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे अपना दिव्यांगता प्रमाण पत्र, मतदाता पहचान पत्र तथा मोबाइल नंबर संबंधित विकासखंड में तैनात सहायक समाज कल्याण अधिकारी अथवा जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, सर्वे चौक, देहरादून में शीघ्र उपलब्ध कराएं।

उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा में मैपिंग का कार्य पूरा होने से दिव्यांग मतदाताओं की सटीक पहचान सुनिश्चित होगी। इससे निर्वाचन के दौरान उनके लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करने के साथ मतदान प्रक्रिया को अधिक सुगम, सरल और सुलभ बनाया जा सकेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *