देहरादून । वृद्ध महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की ओर से मदर टेरेसा स्नेह सदन में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं आधार शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 78 वृद्ध महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही, उनके दैनिक जीवन को आसान बनाने के लिए विभिन्न सहायक उपकरण भी प्रदान किए गए।
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों तथा अध्यक्ष एवं जिला जज हरीश कुमार गोयल के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा दुर्गाकोटी ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने वृद्ध महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिविर में सुभारती अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने वृद्ध महिलाओं के सामान्य एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ हड्डियों, आंखों और दांतों से संबंधित जांच की। परीक्षण के बाद जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। जांच में मोतियाबिंद से पीड़ित पाई गई महिलाओं के उपचार एवं निःशुल्क शल्य चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया।
वृद्ध महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से व्हीलचेयर, छड़ियां, बेडशीट, मेडिकल किट और इनकॉन्टिनेंस ब्रीफ किट वितरित की गईं। वहीं, आधार केंद्र के माध्यम से 15 महिलाओं की आधार केवाईसी भी अद्यतन की गई, जिससे उन्हें आधार संबंधी समस्याओं के समाधान तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा दुर्गाकोटी ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में जानकारी दी। उन्होंने जरूरतमंद महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के सफल आयोजन में सुभारती अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं प्राविधिक कार्यकर्ताओं ने सहयोग प्रदान किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने इस जनकल्याणकारी पहल को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी चिकित्सकों एवं सहयोगी कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
