देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल द्वारा युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई जैसे महत्वपूर्ण अग्रिम संगठनों का प्रभारी नियुक्त किए जाने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना का बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान युवाओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर और माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर सूर्यकांत धस्माना ने युवाओं से आह्वान किया कि वे राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे देशव्यापी आंदोलनों से मजबूती से जुड़ें तथा बेरोजगारी, पेपर लीक और वोट चोरी जैसे ज्वलंत मुद्दों को गांव-गांव और गली-गली तक पहुंचाकर व्यापक जनआंदोलन का रूप दें। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कांग्रेस पार्टी की रीढ़ हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में दोनों संगठनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।
धस्माना ने केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकारों पर युवा और छात्र विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन नीतियों का सबसे प्रतिकूल प्रभाव प्रदेश के युवाओं पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में बेरोजगारी गंभीर समस्या बन चुकी है और राज्य गठन के बाद से युवाओं के सामने रोजगार का संकट लगातार चुनौती बना हुआ है। प्रदेश की प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को गंभीरता से प्रयास करने चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश की जनता को युवा शक्ति से बड़ी उम्मीदें हैं। पिछले छह महीनों में छात्र-युवा वर्ग ने जिस तरह विभिन्न जनहित के मुद्दों पर सड़कों पर उतरकर अपनी आवाज बुलंद की है, उससे आम जनता में भी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने का साहस बढ़ा है। इस संघर्ष में राहुल गांधी द्वारा छात्रों और युवाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
धस्माना ने युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारियों से आगामी विधानसभा चुनाव में अग्रिम मोर्चे पर रहकर संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अगले तीन महीने पार्टी संगठन के लिए पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ काम करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि युवाओं की मेहनत और समर्पण के अनुरूप आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें अधिकतम भागीदारी दिलाने के लिए वे स्वयं पूरी ताकत से प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम के संयोजक एवं युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सुमित खन्ना ने कहा कि युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें सूर्यकांत धस्माना के रूप में ऐसा प्रभारी मिला है, जिन्होंने छात्र एवं युवा राजनीति से अपनी शुरुआत की और आज प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि धस्माना के अनुभव और मार्गदर्शन से दोनों संगठनों को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संग्राम सिंह पुंडीर ने कहा कि अस्सी के दशक में डीएवी पीजी कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष रहे सूर्यकांत धस्माना ने छात्र राजनीति से लेकर उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर युवा संगठनों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उस दौर में छात्रसंघ अध्यक्ष की भूमिका अत्यंत प्रभावशाली हुआ करती थी। उन्होंने कहा कि धस्माना के राजनीतिक अनुभवों का लाभ उत्तराखंड के युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को मिलेगा।
स्वागत समारोह में युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव सुमित खन्ना, प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट, एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संग्राम सिंह पुंडीर, नगर निगम पार्षद रोबिन त्यागी, रितेश क्षेत्री, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, एनएसयूआई के सौरव सेमवाल, कैंट विधानसभा अध्यक्ष कार्तिक बिरला, युवा कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष अमित नेगी, जॉय बर्सवाल सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
