प्रदेशभर में 22 अक्टूबर से शुरू होगी कांग्रेस की ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’, चार दिशाओं से होगा शुभारम्भ

Share on Social Media


देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेशभर में आयोजित की जाने वाली ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ का शुभारम्भ 22 अक्टूबर से प्रदेश के चारों कोनों से किया जाएगा। यात्रा के माध्यम से कांग्रेस पार्टी विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क कर जनसमस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाएगी। प्रदेश कांग्रेस मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने बताया कि न्याय यात्रा के लिए चार अलग-अलग दल गठित किए गए हैं, जिनका नेतृत्व पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक और पदाधिकारी करेंगे।

उन्होंने बताया कि पहले दल की न्याय यात्रा 22 अक्टूबर को अल्मोड़ा स्थित गोलज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक तिलकराज बेहड़ के संयुक्त नेतृत्व में शुरू होगी। यह दल रानीखेत, खैरना, भवाली और भीमताल होते हुए हल्द्वानी पहुंचेगा। 23 अक्टूबर को लालकुआं, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता और खटीमा होते हुए रुद्रपुर तथा 24 अक्टूबर को गदरपुर, बाजपुर और काशीपुर होते हुए जसपुर पहुंचेगा। इस यात्रा का समापन 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में पत्रकार वार्ता के साथ होगा।

दूसरे दल की न्याय यात्रा 22 अक्टूबर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक विक्रम सिंह नेगी और विधायक लखपत सिंह बुटोला के नेतृत्व में बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद शुरू होगी। यह दल जोशीमठ और पीपलकोटी होते हुए चमोली पहुंचेगा। 23 अक्टूबर को नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग और गौचर होते हुए रुद्रप्रयाग में यात्रा आयोजित की जाएगी। 24 अक्टूबर को चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के सतपुली, यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के दुगड्डा और कोटद्वार में न्याय यात्रा निकाली जाएगी। 25 अक्टूबर को लैंसडाउन और बीरोंखाल में कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके बाद 26 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव की तैयारी के लिए बैठक की जाएगी।

तीसरे दल का नेतृत्व चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला करेंगे। यह यात्रा 22 अक्टूबर को देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित की जाएगी। 23 अक्टूबर को सहसपुर और विकासनगर विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकाली जाएगी। 24 अक्टूबर को चकराता विधानसभा क्षेत्र के त्यूनी में न्याय यात्रा के साथ विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होगा। 25 अक्टूबर को कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों तथा 26 अक्टूबर को ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में यात्रा आयोजित की जाएगी। इसके बाद प्रीतम सिंह 27 और 28 अक्टूबर को गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र में प्रतिभाग करेंगे।

चौथे दल की न्याय यात्रा चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, विधायक काजी निजामुद्दीन, ममता राकेश, फुरकान अहमद, रवि बहादुर, वीरेंद्र कुमार जाति और अनुपमा रावत के नेतृत्व में 23 अक्टूबर को हरिद्वार शहर से शुरू होगी। पहले दिन हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में यात्रा आयोजित की जाएगी। 24 अक्टूबर को खानपुर, मंगलौर और झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकाली जाएगी। 25 अक्टूबर को भगवानपुर, रुड़की और मंगलौर विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम होंगे। इसके बाद 30 अक्टूबर को लक्सर और ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा आयोजित की जाएगी।

राजीव महर्षि ने बताया कि प्रदेश के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा घेराव कार्यक्रम के उपरांत न्याय यात्रा आयोजित की जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अपनी सुविधा के अनुसार विभिन्न न्याय यात्रा कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में पार्टी के सभी विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, प्रदेश पदाधिकारी, एआईसीसी एवं पीसीसी सदस्य, अनुषांगिक संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में भाग लेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *